भारतीय पहलवान सुजीत कलकल ने अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। पुरुष फ्रीस्टाइल के 65 किग्रा वर्ग के फाइनल में सुजीत ने उज्बेकिस्तान के उमिदजोन जालोलोव को एकतरफा मुकाबले में 10-0 से मात दी। यह बाउट करीब 4 मिनट 54 सेकेंड तक चला, जिसके बाद तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर रेफरी ने सुजीत को विजेता घोषित कर दिया।
पहली बार बना विश्व चैंपियन
अब तक सुजीत के खाते में कोई विश्व खिताब नहीं था, लेकिन एशियाई स्तर पर उन्होंने कई बार सोना जीता है।
-
2022 और 2025 में U23 एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक।
-
2022 में अंडर-20 एशियन चैंपियनशिप में भी सोना।
पिछले साल उन्होंने इसी टूर्नामेंट में कांस्य पदक जीता था। इस बार उन्होंने न सिर्फ फाइनल में जगह बनाई बल्कि पदक का रंग भी बदलकर कांस्य से सोने में बदल दिया।
फाइनल तक का सफर
सुजीत ने इस बार अपने अभियान की शुरुआत बेहद दमदार अंदाज में की।
-
पहले राउंड में मोलदोवा के फिओदोर किएवदारी को 12-2 से हराया।
-
दूसरे दौर में पोलैंड के डोमिनिक जाकूब को 11-0 से शिकस्त दी।
-
क्वार्टर फाइनल में वह रूस के बशीर मागोमेदोव के खिलाफ पीछे चल रहे थे, लेकिन शानदार वापसी करते हुए 4-2 से जीत दर्ज की।
-
सेमीफाइनल में उन्होंने जापान के युतो निशियुची को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
स्वर्ण जीत के साथ नई पहचान
सुजीत की यह जीत भारतीय कुश्ती के लिए बड़ी उपलब्धि है। लगातार मेहनत और पिछले अनुभवों से सबक लेकर उन्होंने साबित कर दिया कि धैर्य और संघर्ष से हर बाधा पार की जा सकती है। उनकी इस जीत ने न सिर्फ भारत का नाम रोशन किया बल्कि आने वाले बड़े टूर्नामेंट्स में उनसे उम्मीदें और बढ़ा दी हैं।