Meta Pixel

60वें जन्मदिन पर नहीं दिखे शाहरुख खान, फिर भी ‘मन्नत’ के बाहर उमड़ी फैन्स की भीड़

Spread the love

सुपरस्टार शाहरुख खान आज 60 साल के हो गए हैं। उनके जन्मदिन का जश्न उनके चाहने वालों के लिए किसी त्योहार से कम नहीं होता। इस साल भी आधी रात से ही मुंबई के बांद्रा स्थित उनके घर ‘मन्नत’ के बाहर हजारों फैंस जमा हुए। पोस्टर, बैनर, फोटो और ‘हैप्पी बर्थडे किंग खान’ के नारों के साथ लोग सिर्फ एक झलक पाने को बेताब दिखे।
लेकिन इस बार फैन्स को अपनी पसंदीदा स्टार की झलक नहीं मिली।


‘मन्नत’ की बालकनी रही खाली, निराश लौटे फैन

इस बार शाहरुख खान घर की बालकनी में आकर फैंस को वेव करते नजर नहीं आए। वजह यह है कि मन्नत में इन दिनों रेनोवेशन और कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा है। इसलिए SRK ने अपना जन्मदिन अलिबाग स्थित अपने फार्महाउस में परिवार के साथ सेलिब्रेट किया।
इसके बावजूद फैंस अपने प्यार और जुनून के साथ मन्नत पहुंचे और वहीं खड़े होकर उनका बर्थडे सेलिब्रेट करते रहे।


मुंबई पुलिस ने संभाली स्थिति, रुकने की नहीं दी अनुमति

फैंस की बढ़ती भीड़ और ट्रैफिक को देखते हुए इस बार मुंबई पुलिस ने सख्त इंतजाम किए। सुरक्षा के मद्देनज़र किसी को भी ‘मन्नत’ के गेट के पास रुकने नहीं दिया गया। जैसे ही लोग इकट्ठा होने लगे, पुलिस ने उन्हें सावधानी से वहां से हटा दिया।
इसके बाद भी तस्वीरों में साफ दिखा कि लोगों में शाहरुख के जन्मदिन को लेकर कितनी दीवानगी थी — हर कोई ‘किंग खान’ के लिए सड़क पर खड़ा था।


दिल्ली के लड़के से बने ‘बॉलीवुड के बादशाह’

शाहरुख खान का जन्म दिल्ली में हुआ और उनकी शुरुआत भी वहीं से हुई। उन्होंने 1989 में टीवी सीरियल फौजी से अभिनय की दुनिया में कदम रखा। अभिमन्यु राय के किरदार ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई। इसके बाद सर्कस और अन्य धारावाहिकों में काम कर उन्होंने एक्टिंग को अपना करियर बना लिया।

1992 में फिल्म दीवाना के जरिए उन्होंने बॉलीवुड में डेब्यू किया और बेस्ट मेल डेब्यू का फिल्मफेयर अवॉर्ड जीता।
1995 में आई दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे ने उन्हें रोमांस का बादशाह बना दिया। राज का किरदार आज भी लोगों के दिलों में ज़िंदा है।

उन्होंने देवदास, स्वदेस, कभी खुशी कभी ग़म, चक दे इंडिया, और माय नेम इज़ खान जैसी फिल्मों से खुद को साबित किया और दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाई।


60 की उम्र में भी दिलों के ‘किंग’, फैन्स को इंतज़ार अगली फिल्म का

आज शाहरुख सिर्फ बॉलीवुड नहीं बल्कि दुनिया भर में करोड़ों दिलों पर राज कर रहे हैं। उम्र 60 की हो गई है, लेकिन उनकी स्टारडम, चार्म और लोकप्रियता पहले की तरह बरकरार है।
अब उनके फैन्स बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं कि उनकी आने वाली फिल्म King में शाहरुख क्या नया अंदाज़ दिखाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *