ओडिशा लोक सेवा आयोग (OPSC) ने ओडिशा सिविल सेवा (OCS) प्रारंभिक परीक्षा 2024-25 के परिणाम जारी कर दिए हैं। यह परीक्षा 12 अक्टूबर 2025 को आयोजित हुई थी। आयोग ने जिन उम्मीदवारों को सफल घोषित किया है, उनके रोल नंबर आधिकारिक वेबसाइट opsc.gov.in पर उपलब्ध कराए गए हैं। इस बार कुल 2405 अभ्यर्थियों ने प्रीलिम्स परीक्षा पास की है, जिनमें 781 महिला उम्मीदवार भी शामिल हैं।
अब सफल अभ्यर्थियों को अगले चरण यानी मुख्य परीक्षा की तैयारी करनी होगी। OCS मुख्य परीक्षा अप्रैल और मई 2026 के बीच आयोजित की जाएगी। अंतिम चयन उम्मीदवारों के मुख्य परीक्षा और व्यक्तित्व परीक्षण (Personality Test) में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा। इसके बाद दस्तावेज़ सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जिसमें शैक्षणिक योग्यता, पहचान पत्र और श्रेणी प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की जाएगी।
इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 399 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अंतिम मेरिट लिस्ट मुख्य परीक्षा, इंटरव्यू और दस्तावेज सत्यापन के बाद जारी होगी। जो उम्मीदवार प्रीलिम्स में सफल हुए हैं, उन्हें सलाह दी गई है कि वे समय-समय पर OPSC की वेबसाइट पर जारी होने वाले नोटिस और अपडेट पर नज़र बनाए रखें, ताकि मुख्य परीक्षा की समय-सारिणी, परीक्षा केंद्र और आवश्यक दिशानिर्देशों की जानकारी समय रहते प्राप्त हो सके।
जो उम्मीदवार अपना परिणाम देखना चाहते हैं, वे आयोग की वेबसाइट पर “Results / What’s New” सेक्शन में जाकर OCS 2024 (Advt. No. 07 of 2024-25) की रिज़ल्ट PDF डाउनलोड कर सकते हैं और उसमें अपना रोल नंबर खोजकर पात्रता की पुष्टि कर सकते हैं।