प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 21वीं किस्त को लेकर देशभर के किसानों का इंतजार आखिरकार समाप्त हो गया है। केंद्र सरकार ने पुष्टि कर दी है कि 19 नवंबर 2025 को लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में 2,000 रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर कर दी जाएगी। यह घोषणा पीएम किसान सम्मान निधि के आधिकारिक एक्स (Twitter) अकाउंट पर की गई, जिससे करोड़ों किसानों को बड़ी राहत मिली है।
किसान लंबे समय से इस किस्त की प्रतीक्षा कर रहे थे। सरकार ने 14 नवंबर को अपने एक्स पोस्ट के ज़रिए न केवल किस्त की तारीख जारी की, बल्कि रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की। पोस्ट में साफ लिखा गया—
“पीएम-किसान की 21वीं किस्त का हस्तांतरण दिनांक 19 नवंबर 2025। कृपया लिंक पर क्लिक करें और अभी रजिस्टर करें।”
इसका सीधा मतलब है कि जिन किसानों का ई-केवाईसी या रजिस्ट्रेशन अधूरा है, वे तुरंत अपनी जानकारी अपडेट कर लें ताकि किस्त का लाभ समय से मिल सके।
PM Kisan लाभार्थी सूची ऐसे देखें—पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन
पीएम किसान योजना की लाभार्थी सूची ऑनलाइन देखना बेहद सरल है।
-
आधिकारिक पीएम किसान पोर्टल पर जाएं
-
‘किसान कॉर्नर’ विकल्प चुनें
-
‘लाभार्थी सूची’ पर क्लिक करें
-
राज्य, जिला, उप-जिला, ब्लॉक और गांव का चयन करें
-
कैप्चा डालकर सबमिट करें
इसके बाद आपकी स्क्रीन पर पूरी लाभार्थी सूची दिखाई दे जाएगी।
योजना के तहत पात्र किसानों को हर साल कुल 6,000 रुपये तीन बराबर किस्तों में दिए जाते हैं। सरकार की ओर से यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि इस बार कोई भी पात्र किसान 21वीं किस्त से वंचित न रह जाए। इसलिए रजिस्ट्रेशन और ई-केवाईसी अपडेट कराने का जोर किसान भाइयों के लिए बेहद महत्वपूर्ण कदम है।