Meta Pixel

Chukauni Raita: राइस के साथ परोसें नेपाल का मशहूर चुकाउनी रायता, स्वाद ऐसा कि याद रह जाए

Spread the love

अगर आप रोज़मर्रा के खाने से हटकर कुछ नया, अलग और स्वाद से भरपूर ट्राई करना पसंद करते हैं, तो नेपाल की पारंपरिक डिश चुकाउनी रायता आपके लिए बेहतरीन विकल्प है। यह रायता न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होता है, बल्कि पोषण से भी भरपूर माना जाता है। खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा वक्त नहीं लगता और जब इसे सादे चावल के साथ परोसा जाता है, तो इसका स्वाद दोगुना हो जाता है।

चुकाउनी रायता आलू और दही के मेल से बनने वाली ऐसी डिश है, जो ठंड के मौसम में खास तौर पर पसंद की जाती है। हल्का खट्टापन, सरसों तेल की खुशबू और मसालों का संतुलन इसे आम रायते से बिल्कुल अलग पहचान देता है। मिनटों में तैयार होने वाला यह नेपाली रायता खाने का ज़ायका पूरी तरह बदल देता है।

इसे बनाने के लिए सबसे पहले आलू उबालकर उनके छिलके उतार लें और मध्यम आकार के टुकड़ों में काट लें। अब इन्हें एक बड़े बाउल में डालें। दूसरी ओर दही को अच्छी तरह फेंट लें ताकि उसमें कोई गांठ न रहे, फिर इसे आलू के ऊपर डालकर हल्का-हल्का मैश करें। इस मिश्रण में बारीक कटी प्याज, हरा धनिया, कसूरी मेथी, काला नमक, सादा नमक और नींबू का रस स्वादानुसार मिलाएं। सारी चीजों को अच्छे से मिक्स कर लें ताकि आलू और दही का स्वाद एकसार हो जाए।

अब इस रायते की असली जान यानी तड़के की बारी आती है। इसके लिए एक छोटी कड़ाही में सरसों का तेल गर्म करें। तेल गर्म होते ही उसमें राई, जीरा, करी पत्ते और सूखी लाल मिर्च डालें। जब तड़का अच्छी तरह चटकने लगे, तब गैस बंद कर दें और इस तड़के को सीधे दही-आलू के मिश्रण में डालकर अच्छी तरह मिला दें।

बस अब स्वाद से भरपूर चुकाउनी रायता तैयार है। सर्व करने से पहले ऊपर से हरा धनिया, भुना जीरा और हल्का सा फ्राई किया लहसुन डाल दें तो इसका स्वाद और भी निखर जाता है। इसे गरमागरम चावल के साथ परोसें या चाहें तो रोटी के साथ भी खा सकते हैं। खास मौकों या मेहमानों के लिए यह नेपाली चुकाउनी रायता एक अलग और यादगार डिश साबित होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *