Meta Pixel

गोवा अग्निकांड: थाईलैंड से भारत रवाना हुए लूथरा ब्रदर्स, दिल्ली एयरपोर्ट पर गोवा पुलिस लेगी हिरासत

Spread the love

गोवा के चर्चित नाइट क्लब ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ अग्निकांड मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। इस भीषण हादसे के मुख्य आरोपी सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा को थाईलैंड से भारत लाया जा रहा है। थाईलैंड पुलिस ने डिपोर्टेशन की प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों भाइयों को बैंकॉक से दिल्ली के लिए भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के हवाले रवाना कर दिया है। दोनों आज दोपहर तक इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे, जहां गोवा पुलिस की टीम पहले से मौजूद रहेगी और उन्हें सीधे हिरासत में ले लिया जाएगा।

दिल्ली एयरपोर्ट से ही दोनों आरोपियों को गोवा पुलिस की कस्टडी में लेकर पटियाला हाउस कोर्ट में ट्रांजिट रिमांड के लिए पेश किया जाएगा। इसके बाद उन्हें आगे की जांच के लिए गोवा ले जाया जाएगा। 6 दिसंबर को गोवा के इस नाइट क्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत हो गई थी। हादसे के तुरंत बाद सौरभ और गौरव लूथरा देश छोड़कर थाईलैंड फरार हो गए थे, जिससे जांच एजेंसियों की शंका और गहराती चली गई।

थाईलैंड पुलिस ने 11 दिसंबर को फुकेट में दोनों भाइयों को हिरासत में लिया था। बताया गया कि दोनों एक होटल में ठहरे हुए थे और जब बाहर खाना खाने के लिए निकले, तभी इमिग्रेशन और पुलिस अधिकारियों ने उनकी पहचान और यात्रा दस्तावेजों की पुष्टि कर उन्हें पकड़ लिया। भारतीय एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद थाई अधिकारी पहले से ही उनकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे। गिरफ्तारी के बाद दोनों पर गैर-इरादतन हत्या और गंभीर लापरवाही के आरोप दर्ज किए गए।

जांच में यह भी सामने आया है कि लूथरा ब्रदर्स कई संदिग्ध व्यावसायिक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सौरभ और गौरव बर्च नाइट क्लब के अलावा करीब 42 अन्य कंपनियों से जुड़े हैं, जिनमें से कई सिर्फ कागजों पर ही मौजूद बताई जा रही हैं। इन सभी कंपनियों का पंजीकरण दिल्ली के एक ही पते पर पाया गया है। कॉर्पोरेट रिकॉर्ड में दोनों भाइयों के नाम कई फर्जी कंपनियों और एलएलपी में डायरेक्टर या पार्टनर के तौर पर दर्ज हैं, जिनका इस्तेमाल आमतौर पर बेनामी लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग के लिए किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इस पहलू की जांच अभी जारी है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, हादसे के दौरान लूथरा भाइयों का रवैया और भी संदेह पैदा करता है। बताया गया है कि 6 दिसंबर की रात, जब गोवा में नाइट क्लब में आग बुझाने और लोगों को बचाने की कोशिशें चल रही थीं, उसी दौरान दोनों भाइयों ने थाईलैंड के लिए फ्लाइट टिकट बुक कर लिए थे। रात करीब 1:17 बजे उन्होंने ऑनलाइन ट्रैवल वेबसाइट पर लॉग इन किया और सुबह 5:30 बजे इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली होते हुए फुकेट रवाना हो गए।

गोवा पुलिस ने इस मामले में विदेश मंत्रालय और सीबीआई के माध्यम से इंटरपोल से मदद मांगी थी, जिसके बाद लूथरा ब्रदर्स के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया। चूंकि दोनों आरोपी, उनके बिजनेस पार्टनर और कई कर्मचारी दिल्ली के रहने वाले हैं, इसलिए अब गोवा पुलिस के साथ-साथ दिल्ली पुलिस भी इस अग्निकांड की जांच में जुटी हुई है। दिल्ली में भी इस मामले को लेकर अलग से केस दर्ज किया गया है।

अब लूथरा ब्रदर्स की भारत वापसी के साथ इस भयावह अग्निकांड से जुड़े कई अनसुलझे सवालों के जवाब सामने आने की उम्मीद जताई जा रही है। जांच एजेंसियों का फोकस यह पता लगाने पर रहेगा कि हादसा लापरवाही का नतीजा था या इसके पीछे कोई संगठित आपराधिक साजिश भी छिपी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *