बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा से जुड़े कथित 60 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले के बीच गुरुवार को यह खबर तेजी से फैली कि शिल्पा शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर इनकम टैक्स की रेड पड़ी है। हालांकि, इन खबरों पर अब अभिनेत्री के वकील ने साफ शब्दों में स्थिति स्पष्ट कर दी है और किसी भी तरह की छापेमारी से इनकार किया है।
शिल्पा शेट्टी की ओर से उनके वकील एडवोकेट प्रशांत पाटिल ने 18 दिसंबर को एक आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा कि मीडिया में चल रही इनकम टैक्स रेड की खबरें पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिल्पा शेट्टी के घर पर कोई आयकर छापेमारी नहीं हुई है। आयकर विभाग की ओर से जो भी प्रक्रिया हुई, वह केवल सामान्य और नियमित वेरिफिकेशन का हिस्सा थी, जिसे गलत तरीके से ‘रेड’ का नाम दिया जा रहा है।
वकील के बयान में कहा गया कि शिल्पा शेट्टी कुंद्रा के खिलाफ किसी भी प्रकार की इनकम टैक्स रेड नहीं हुई है। आयकर अधिकारी केवल रूटीन फॉलो-अप जांच के लिए पहुंचे थे, लेकिन इस सामान्य प्रक्रिया को सनसनीखेज बनाकर पेश किया गया। उन्होंने इसे गैर-जिम्मेदाराना रिपोर्टिंग करार दिया।
प्रशांत पाटिल ने इन खबरों को मुंबई की आर्थिक अपराध शाखा द्वारा जांचे जा रहे कथित 60 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले से जोड़ने को भी पूरी तरह गलत बताया। उनके मुताबिक, इनकम टैक्स विभाग की इस प्रक्रिया का EOW केस से कोई संबंध नहीं है और दोनों को आपस में जोड़ना दुर्भावनापूर्ण और भ्रामक है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि जानबूझकर गलत जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
गौरतलब है कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि आयकर विभाग ने शिल्पा शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर छापा मारा है। साथ ही यह भी कहा गया कि 17 दिसंबर को दादर इलाके में स्थित बास्टियन रेस्टोरेंट, जिसमें शिल्पा शेट्टी की हिस्सेदारी बताई जाती है, और बेंगलुरु में भी तलाशी ली गई। हालांकि, इन सभी दावों को शिल्पा की ओर से पूरी तरह नकार दिया गया है।
इससे पहले शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा ने 60 करोड़ रुपये के धोखाधड़ी मामले में लगे आरोपों को भी सिरे से खारिज किया था। शिल्पा ने सोशल मीडिया के जरिए कहा था कि उनके खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों को बिना किसी ठोस कानूनी आधार के आपराधिक रंग दिया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया था कि इस मामले को रद्द कराने के लिए हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की जा चुकी है और मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।
जानकारी के मुताबिक, यह केस 14 अगस्त को मुंबई में दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता का आरोप है कि शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा, जो कभी ‘बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड’ नामक कंपनी से जुड़े थे, ने निवेश के नाम पर करीब 60 करोड़ रुपये लिए और उस रकम का इस्तेमाल कथित तौर पर निजी कामों में किया। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है, जबकि इनकम टैक्स रेड की खबरों को अभिनेत्री के वकील ने पूरी तरह बेबुनियाद बताया है।