नए साल की शुरुआत से पहले कार खरीदने की योजना बना रहे ग्राहकों के लिए अहम खबर है। Renault India ने अपनी कारों की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। 1 जनवरी 2026 से कंपनी के सभी मॉडलों के दाम 2 प्रतिशत तक बढ़ जाएंगे। इससे पहले JSW MG Motor, Mercedes-Benz India और Nissan Motor India भी कीमतें बढ़ाने की घोषणा कर चुकी हैं। फिलहाल रेनो इंडिया भारतीय बाजार में Renault Kwid, Renault Triber और Renault Kiger की बिक्री कर रही है।
कंपनी का कहना है कि इनपुट कॉस्ट में लगातार इजाफा और करंसी एक्सचेंज रेट्स में उतार-चढ़ाव की वजह से यह फैसला लेना पड़ा है। हालांकि, रेनो ने यह भी साफ किया है कि GST 2.0 से मिलने वाले टैक्स बेनेफिट्स को ग्राहकों तक पास ऑन किया जाएगा, ताकि कीमत बढ़ने के बावजूद कारें मारुति और टाटा जैसे ब्रांड्स के मुकाबले बजट फ्रेंडली बनी रहें।
रेनो ने फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया है कि किस मॉडल या किस वेरिएंट की कीमत कितनी बढ़ेगी। लेकिन कंपनी ने ग्राहकों को राहत देते हुए कहा है कि 31 दिसंबर 2025 तक कार की बुकिंग या खरीद करने वालों को पुरानी कीमतों का ही फायदा मिलेगा। सभी नई कीमतें दिल्ली एक्स-शोरूम के आधार पर लागू होंगी।
अनुमान लगाया जा रहा है कि कीमतों में बढ़ोतरी के बाद Renault Kwid की शुरुआती कीमत करीब 4.38 लाख रुपये तक पहुंच सकती है, जबकि टॉप वेरिएंट 6 लाख रुपये के आसपास हो सकता है। Renault Triber, जिसका फेसलिफ्ट इस साल जुलाई में लॉन्च हुआ था, जनवरी से करीब 5.88 लाख रुपये से शुरू होकर टॉप ‘इमोशन’ ट्रिम में लगभग 8.55 लाख रुपये तक जा सकती है। वहीं Renault Kiger की कीमत 2 प्रतिशत बढ़ोतरी के बाद लगभग 5.88 लाख से 10.54 लाख रुपये के बीच होने की संभावना है।
कीमत बढ़ोतरी के बीच रेनो इंडिया ने भविष्य की योजनाओं को लेकर भी संकेत दिए हैं। कंपनी 2026 में भारतीय बाजार में दो नई SUV लॉन्च करने की तैयारी में है। इनमें सबसे चर्चित नाम Renault Duster का है, जिसकी न्यू-जेनरेशन मॉडल की वापसी तय मानी जा रही है। यह SUV 2026 की गर्मियों तक शोरूम में दस्तक दे सकती है। इसके बाद साल की आखिरी तिमाही में डस्टर का 7-सीटर वर्जन भी उतारे जाने की उम्मीद है।
नई डस्टर को 26 जनवरी को आधिकारिक तौर पर रिवील किया जाएगा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें 1.3-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिल सकता है, जो करीब 156hp की पावर जनरेट करेगा। कीमत की बात करें तो नई डस्टर 10 से 20 लाख रुपये के बीच लॉन्च हो सकती है। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला Hyundai Creta, Tata Harrier, Kia Seltos, Volkswagen Taigun, Skoda Kushaq, Maruti Grand Vitara और Toyota Urban Cruiser Hyryder जैसी पॉपुलर SUVs से होगा।
कुल मिलाकर, रेनो कार खरीदने का यह आखिरी मौका है जब ग्राहक 31 दिसंबर तक पुरानी कीमतों का फायदा उठा सकते हैं। नए साल में जहां दाम बढ़ेंगे, वहीं नई डस्टर जैसी SUVs के साथ कंपनी बड़े दांव खेलने की तैयारी में भी नजर आ रही है।