Meta Pixel

संयंत्र के सीओ एंड सीसीडी विभाग में ‘सुरक्षा जागरूकता माह–2026’ का शुभारंभ

Spread the love

सेल– भिलाई इस्पात संयंत्र के सीओ एंड सीसीडी विभाग में 1 जनवरी, 2026 को सुरक्षा जागरूकता माह–2026 का विधिवत शुभारंभ सुरक्षा ध्वज फहराकर किया गया। इस अवसर पर विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों को सुरक्षा शपथ दिलाई गई, जिससे सुरक्षित कार्य संस्कृति के प्रति प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ किया जा सके। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य महाप्रबंधक (सीओ एंड सीसीडी) श्री तुलाराम बेहरा ने की।

श्री तुलाराम बेहरा ने अपने उद्बोधन में सुरक्षा संदेशों को जमीनी स्तर तक, विशेषकर ठेका श्रमिकों तक प्रभावी रूप से पहुँचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा केवल एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि संगठनात्मक संस्कृति का अभिन्न अंग होनी चाहिए। उन्होंने विभाग की ओर से वर्ष 2026 में “मिशन ज़ीरो हार्म” के लक्ष्य को प्राप्त करने हेतु दृढ़ संकल्प व्यक्त करते हुए सभी से सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

इस अवसर पर विभाग में सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं सक्रिय योगदान के लिए ‘सुरक्षा मित्र योजना’ के अंतर्गत कुल 61 ठेका श्रमिकों को पुरस्कृत किया गया। इन श्रमिकों का चयन विभिन्न सुरक्षा प्रतिस्पर्धाओं जैसे सुरक्षा प्रश्नोत्तरी, टूल बॉक्स टॉक, फुल बॉडी हार्नेस प्रतियोगिता, स्पॉट द हैज़र्ड आदि के माध्यम से किया गया था। यह सम्मान उनके सुरक्षित कार्य व्यवहार एवं कार्यस्थल सुरक्षा के प्रति सजगता का प्रतीक रहा।

कार्यक्रम में ऑफिसर्स एसोसिएशन के पदाधिकारीगण, विभिन्न श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधिगण, कार्मिक विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी, सुरक्षा समिति के सदस्य सहित विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे। सभी की सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल एवं उद्देश्यपूर्ण बनाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *