वडोदरा के कोटांबी स्थित बीसीए स्टेडियम में खेले गए भारत–न्यूजीलैंड पहले वनडे के दौरान मैदान पर तो क्रिकेट चल रहा था, लेकिन असली हलचल कमेंट्री बॉक्स से उठी। यह विवाद किसी अंपायरिंग फैसले या खिलाड़ियों की भिड़ंत से नहीं, बल्कि भाषा को लेकर हुई एक हल्की-सी बातचीत से शुरू हुआ, जिसने देखते ही देखते सोशल मीडिया पर ‘हिंदी बनाम तमिल’ बहस का रूप ले लिया।
न्यूजीलैंड की पारी के दौरान विकेट के पीछे खड़े KL Rahul गेंदबाज Washington Sundar को लगातार सलाह दे रहे थे। राहुल हिंदी में सुंदर से गेंद की गति और लाइन को लेकर निर्देश दे रहे थे। दिलचस्प यह रहा कि सुंदर तमिलनाडु से आते हैं और उनकी मातृभाषा तमिल है। राहुल की सलाह के बाद भी सुंदर ने अगली गेंदें और तेज रफ्तार से फेंकीं, जिस पर कमेंट्री बॉक्स में चर्चा शुरू हो गई।
यहीं से बातचीत ने नया मोड़ लिया। कमेंटेटर Varun Aaron ने कहा कि राहुल कर्नाटक से हैं और उन्हें तमिल आती है, ऐसे में अगर वह तमिल में निर्देश देते तो शायद संदेश ज्यादा साफ जाता। इस पर टीम इंडिया के पूर्व कोच Sanjay Bangar ने मुस्कुराते हुए कहा कि उन्हें अब भी ‘राष्ट्रभाषा’ पर ज्यादा भरोसा है। बातचीत मजाकिया लहजे में आगे बढ़ी और बांगड़ ने यह भी जोड़ दिया कि सुंदर ने पिछली गेंद 92 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से डाली थी, ऐसे में भाषा से ज्यादा जरूरी अमल है।
हालांकि कमेंट्री बॉक्स में यह चर्चा हल्के-फुल्के अंदाज में हुई, लेकिन सोशल मीडिया पर इसे गंभीर मुद्दा बना दिया गया। बांगड़ के ‘राष्ट्रभाषा’ वाले शब्द पर कई यूजर्स भड़क गए और उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। कई लोगों ने याद दिलाया कि भारत की कोई एक राष्ट्रीय भाषा नहीं है और हिंदी भी अंग्रेजी की तरह संघीय सरकार की आधिकारिक भाषा है, न कि राष्ट्रभाषा। देखते ही देखते यह बहस भाषा, पहचान और सम्मान तक पहुंच गई।
मैच की बात करें तो वॉशिंगटन सुंदर ने पांच ओवर में 27 रन दिए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। इसी दौरान वह साइड स्ट्रेन की समस्या से भी जूझते नजर आए। बावजूद इसके वह बल्लेबाजी के लिए उतरे और 7 गेंदों पर 7 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाने में योगदान दिया। भारत ने यह मुकाबला चार विकेट से जीतकर तीन मैचों की वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। अब 14 जनवरी को होने वाले दूसरे वनडे में टीम इंडिया की नजर सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने पर होगी, जबकि सोशल मीडिया पर भाषा को लेकर छिड़ी बहस फिलहाल थमती नजर नहीं आ रही है।