लीवर हमारे शरीर का सबसे अहम अंग है, जो रोज़ाना खून को साफ करने, टॉक्सिन्स बाहर निकालने और पाचन से जुड़े कई ज़रूरी काम करता है। लेकिन जब गलत खानपान, जंक फूड, शराब, दवाइयों या तनाव के कारण लीवर पर बोझ बढ़ जाता है, तो उसकी कार्यक्षमता धीरे-धीरे कमजोर होने लगती है। इसका असर थकान, अपच, पेट भारी लगना, त्वचा पर दाग-धब्बे और वजन बढ़ने जैसी समस्याओं के रूप में दिखने लगता है। ऐसे में लीवर को समय-समय पर डिटॉक्स करना बेहद जरूरी हो जाता है, और इसमें सूखे मेवे एक प्राकृतिक और असरदार उपाय साबित हो सकते हैं।
अखरोट लीवर के लिए सबसे फायदेमंद सूखे मेवों में गिना जाता है। इसमें मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड लीवर की सफाई में मदद करते हैं और उसमें जमा हानिकारक तत्वों को बाहर निकालने में सहायक होते हैं। नियमित रूप से सीमित मात्रा में अखरोट खाने से फैटी लिवर की समस्या को नियंत्रित करने में भी मदद मिल सकती है। इसका सबसे अच्छा तरीका है कि रात में अखरोट को पानी में भिगो दें और सुबह खाली पेट 1 से 2 अखरोट खाएं। इससे लीवर को दिन की शुरुआत में ही जरूरी पोषण मिल जाता है।
किशमिश भी लीवर डिटॉक्स में अहम भूमिका निभाती है। इसमें आयरन और पोटैशियम भरपूर मात्रा में होते हैं, जो खून को साफ रखने में मदद करते हैं। जब खून साफ रहता है, तो लीवर पर अतिरिक्त दबाव नहीं पड़ता। इसके अलावा किशमिश कब्ज की समस्या को दूर करने में भी सहायक है, जो लीवर की सेहत से सीधे तौर पर जुड़ी होती है। लीवर डिटॉक्स के लिए रात में 5 से 8 किशमिश पानी में भिगो दें और सुबह खाली पेट वही पानी पीकर किशमिश खा लें। यह तरीका बेहद सरल और असरदार माना जाता है।
पिस्ता भी लीवर को मजबूत बनाने में मदद करता है। इसमें मौजूद हेल्दी फैट्स, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स लीवर की कोशिकाओं को नुकसान से बचाते हैं और सूजन को कम करने में सहायक होते हैं। पिस्ता खराब कोलेस्ट्रॉल को घटाने में मदद करता है, जिससे फैटी लिवर का खतरा भी कम हो सकता है। इसे आप सुबह नाश्ते के साथ या दिन में हल्की भूख लगने पर 2 से 5 पिस्ता खा सकते हैं।
सूखे मेवे खाने में समय और मात्रा का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। लीवर डिटॉक्स के लिए सुबह खाली पेट अखरोट और भीगी किशमिश सबसे बेहतर मानी जाती हैं। नाश्ते के साथ सीमित मात्रा में पिस्ता या अखरोट खाया जा सकता है। वहीं रात के समय सूखे मेवे खाने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे पाचन पर असर पड़ सकता है और लीवर को आराम नहीं मिल पाता।
हालांकि सूखे मेवे पोषण से भरपूर होते हैं, लेकिन इनमें कैलोरी भी अधिक होती है। इसलिए सीमित मात्रा में ही इनका सेवन करना चाहिए। रोजाना 1 से 2 अखरोट, 5 से 8 किशमिश और 2 से 5 पिस्ता लीवर के लिए पर्याप्त माने जाते हैं।
लीवर को लंबे समय तक स्वस्थ रखने के लिए सिर्फ सूखे मेवे ही नहीं, बल्कि कुछ आदतों पर भी ध्यान देना जरूरी है। दिनभर पर्याप्त पानी पीना, शराब और ज्यादा तले-भुने खाने से दूरी बनाना, हरी सब्जियां और फल डाइट में शामिल करना और नियमित व्यायाम करना लीवर की सेहत को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है। अगर आप रोजाना सही समय और सही मात्रा में अखरोट, किशमिश और पिस्ता को अपने खानपान का हिस्सा बना लेते हैं, तो लीवर को प्राकृतिक रूप से डिटॉक्स कर मजबूत रखा जा सकता है।