ओटीटी पर धमाल मचाने के बाद अब मिर्जापुर का भौकाल सिनेमाघरों में गूंजने वाला है। प्राइम वीडियो की सुपरहिट वेब सीरीज मिर्जापुर अब फिल्म के रूप में बड़े पर्दे पर उतरने जा रही है और मेकर्स ने इसकी रिलीज डेट भी घोषित कर दी है। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ 4 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिसके बाद फैंस को कालीन भइया और गुड्डू पंडित को थिएटर में देखने का मौका मिलेगा।
फिल्म को Excel Entertainment के बैनर तले फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने प्रोड्यूस किया है। रिलीज डेट के ऐलान के साथ शेयर किए गए पोस्टर में रेत पर दौड़ती गाड़ियां और पीछे बंधी एक बड़ी कुर्सी साफ संकेत देती है कि सत्ता, हिंसा और बदले की कहानी अब और बड़े पैमाने पर दिखाई जाएगी। कैप्शन भी वही पुराना संदेश देता है—अब देखिए भौकाल बड़े पर्दे पर।
साल 2018 में शुरू हुई मिर्जापुर ने अपने पहले सीजन से ही दर्शकों के बीच अलग पहचान बना ली थी। इसके किरदार और डायलॉग्स पॉप कल्चर का हिस्सा बन गए। पंकज त्रिपाठी के कालीन भइया, अली फजल के गुड्डू पंडित और दिव्येंदु शर्मा के मुन्ना भइया ने सीरीज को आइकॉनिक बना दिया। दूसरा सीजन 2020 में आया और हिट रहा, जबकि 2024 में रिलीज हुआ तीसरा सीजन उतनी चर्चा नहीं बटोर सका। अब मेकर्स उसी कहानी को नए अंदाज़ और बड़े कैनवस पर पेश करने जा रहे हैं।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ का निर्देशन गुरमीत सिंह ने किया है, जबकि कहानी पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म में फ्रेंचाइजी के प्रमुख किरदारों की वापसी के साथ-साथ कई चर्चित कलाकार नजर आएंगे। कालीन भइया और गुड्डू पंडित के साथ मुन्ना भइया की बहुप्रतीक्षित वापसी भी इस फिल्म का बड़ा आकर्षण मानी जा रही है। इनके अलावा जितेंद्र कुमार, रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा और सोनल चौहान जैसे कलाकार भी फिल्म का हिस्सा हैं।
कुल मिलाकर, ‘मिर्जापुर: द मूवी’ सिर्फ एक वेब सीरीज का एक्सटेंशन नहीं, बल्कि उस क्राइम-सागा को नए लेवल पर ले जाने की कोशिश है, जिसे दर्शक सालों से पसंद करते आए हैं। अब देखना दिलचस्प होगा कि बड़े पर्दे पर यह भौकाल कितना असरदार साबित होता है।