एपल एक बार फिर अपने बजट स्मार्टफोन सेगमेंट में हलचल मचाने की तैयारी में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, Apple मार्च में iPhone 17e को लॉन्च कर सकता है, जो पिछले साल आए iPhone 16e का अपग्रेडेड वर्जन होगा। खास बात यह है कि कीमत किफायती रखे जाने के बावजूद इसमें फ्लैगशिप-लेवल परफॉर्मेंस मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे यह फोन सीधे मिड-रेंज मार्केट को टारगेट करेगा।
टेक वेबसाइट द वर्ज की रिपोर्ट के अनुसार, iPhone 17e में वही लेटेस्ट A19 चिप दी जा सकती है, जो iPhone 17 सीरीज के बाकी मॉडल्स में इस्तेमाल होगी। अगर ऐसा होता है, तो करीब ₹50,000 के आसपास की कीमत में यह अब तक का सबसे पावरफुल “बजट iPhone” साबित हो सकता है। बढ़ती कंपोनेंट लागत के बावजूद एपल अगर इसकी कीमत 599 डॉलर के करीब रखता है, तो यह यूज़र्स के लिए बड़ा सरप्राइज होगा।
एक और अहम बदलाव के तौर पर iPhone 17e में पहली बार एपल की खुद की इन-हाउस सेलुलर चिप (मॉडम) मिलने की संभावना है। अभी तक कंपनी इसके लिए क्वालकॉम पर निर्भर रही है, लेकिन अगर यह बदलाव होता है तो यह एपल की रणनीति में बड़ा कदम माना जाएगा। इसके साथ ही फोन में MagSafe वायरलेस चार्जिंग सपोर्ट मिलने की भी उम्मीद है, जो आमतौर पर महंगे iPhone मॉडल्स तक सीमित रहता है।
मार्च का एपल इवेंट सिर्फ iPhone 17e तक सीमित नहीं रह सकता। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि इस इवेंट में नया बेस मॉडल iPad भी पेश किया जा सकता है, जिसमें A18 चिप और Apple Intelligence यानी AI सपोर्ट मिलेगा। वहीं iPad Air को भी बड़े अपग्रेड के साथ उतारा जा सकता है—संभावना है कि इसमें M4 चिप और OLED डिस्प्ले देखने को मिले।
एपल का फोकस साफ तौर पर भारत जैसे इमर्जिंग मार्केट्स पर नजर आता है। कंपनी का मानना है कि करीब ₹50,000 के प्राइस ब्रैकेट में फिलहाल कड़ा मुकाबला नहीं है। गूगल के Pixel 10a से बहुत बड़े अपग्रेड की उम्मीद नहीं जताई जा रही, जबकि सैमसंग का जोर ज्यादा प्रीमियम स्मार्टफोन्स पर है। ऐसे में iPhone 17e को एपल भारत समेत उभरते बाजारों में एक मजबूत और वैल्यू-फॉर-मनी विकल्प के तौर पर पेश करना चाहता है।
अगर ये रिपोर्ट्स सही साबित होती हैं, तो iPhone 17e उन यूज़र्स के लिए गेम-चेंजर बन सकता है, जो प्रीमियम परफॉर्मेंस चाहते हैं लेकिन प्रो मॉडल्स की कीमत चुकाने को तैयार नहीं हैं।