Meta Pixel

Pakistan Afghanistan War: अफगानिस्तान का बड़ा दावा- मार गिराया पकिस्तान का F-16 लड़ाकू विमान; शेयर किया वीडियो

Spread the love

पकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। दोनों देशों के बीच जारी संघर्ष के दौरान अब एक बड़ा दावा सामने आया है। अफगानिस्तान की मीडिया का कहना है कि उनके सुरक्षा बलों ने पकिस्तानी वायुसेना के एक लड़ाकू विमान को मार गिराया है। सोशल मीडिया पर एक जलते हुए विमान के मलबे का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसे पकिस्तान का एफ-16 (F-16) बताया जा रहा है।

विमान गिराने का दावा
अफगानिस्तान के टोलो न्यूज ने सूत्रों के हवाले से खबर दी है कि अफगान सीमा में प्रवेश करने वाले एक पकिस्तानी विमान को मार गिराया गया है। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में विमान के मलबे पर सीरियल नंबर 85510 और पकिस्तानी झंडा साफ दिखाई दे रहा है। हालांकि, रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि मलबे का आकार और ढांचा एफ-16 विमान से मेल नहीं खाता है। पकिस्तान ने शुक्रवार को अफगान सीमा में घुसकर बमबारी करने की पुष्टि तो की है, लेकिन उसने किसी भी विमान के नुकसान से साफ इनकार किया है।

पकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच ‘खुली जंग’
पकिस्तान के रक्षा मंत्री ने दोनों पड़ोसी देशों के बीच ‘खुली जंग’ (Open War) का ऐलान कर दिया है। पकिस्तानी वायुसेना ने अफगानिस्तान की राजधानी काबुल सहित कई प्रमुख शहरों पर भीषण बमबारी की है। यह कार्रवाई गुरुवार रात को अफगान बलों द्वारा पकिस्तानी सीमा चौकियों पर किए गए हमले के जवाब में की गई है। पिछले कुछ महीनों से दोनों देशों के बीच छोटे-मोटे झड़पें जारी थीं, लेकिन अब इसने एक बड़े युद्ध का रूप ले लिया है।

पकिस्तान का आरोप है कि अफगानिस्तान अपनी धरती का इस्तेमाल पकिस्तान विरोधी आतंकी समूहों को करने दे रहा है, जबकि तालिबान सरकार इन आरोपों को सिरे से खारिज करती रही है। कतर और तुर्की की मध्यस्थता में हुई कई दौर की वार्ता के बावजूद कोई स्थाई समझौता नहीं हो सका है।

शहबाज शरीफ की चेतावनी
ताजा हिंसा में दोनों देशों की सेनाओं ने दर्जनों सैनिकों के मारे जाने का दावा किया है। पकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा है कि उनके देश की सेना किसी भी आक्रामक मंसूबे को कुचलने की पूरी क्षमता रखती है। फिलहाल सीमावर्ती इलाकों में भारी गोलाबारी जारी है और दोनों तरफ से लड़ाकू विमानों और तोपखानों का इस्तेमाल किया जा रहा है। हरिभूमि इस वायरल वीडियो या विमान गिराने के दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *