प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दक्षिण दौरे ने तमिलनाडु और पुडुचेरी में विकास की नई रफ्तार का संदेश दिया। रविवार को पीएम ने पुडुचेरी में लगभग ₹2,700 करोड़ और तमिलनाडु में ₹4,400 करोड़ से अधिक की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कुल मिलाकर करीब ₹7,100 करोड़ की योजनाओं की सौगात दी गई।
तमिलनाडु में आठ नए अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन किया गया, जिससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और यात्री सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। साथ ही तीन नए आकाशवाणी एफएम रिले ट्रांसमीटर भी शुरू किए गए, जिनसे दूरदराज़ इलाकों में रेडियो प्रसारण की पहुंच बढ़ेगी।
मदुरै में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य में तमिलनाडु की भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि “हमारा सामूहिक संकल्प विकसित भारत के साथ विकसित तमिलनाडु का निर्माण है।” उनके संबोधन में बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और डिजिटल विस्तार को भविष्य की नींव बताया गया।
कार्यक्रमों के बाद प्रधानमंत्री मदुरै के तिरुप्परनकुंद्रम स्थित Arulmigu Subramaniya Swamy Temple पहुंचे। मंदिर में उन्होंने पूजा-अर्चना की और दंडवत प्रणाम किया। मंदिर के पुजारियों ने उन्हें भगवान की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया।
इस दौरे को राजनीतिक और विकासात्मक दोनों नजरिए से अहम माना जा रहा है। एक ओर जहां केंद्र सरकार दक्षिण भारत में इंफ्रास्ट्रक्चर निवेश पर जोर दे रही है, वहीं सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों पर उपस्थिति के जरिए स्थानीय भावनाओं से जुड़ने का संदेश भी दिया गया।



