होली जैसे बड़े त्योहार के मद्देनज़र बाजार में बिकने वाले खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए रायपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। इसी कड़ी में बस स्टैंड पर एक बड़ी कार्रवाई करते हुए टीम ने नकली होने के संदेह में भारी मात्रा में शहद जब्त किया है। यह शहद बिहार से लाई गई एक महिला के पास पाया गया, जिसकी कुल कीमत लगभग 2.30 लाख रुपए बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, जांच टीम को सूचना मिली थी कि एक महिला बस से उतरकर बड़ी संख्या में कंटेनर लेकर पहुंची है। मौके पर पहुंची टीम ने नूरजहां खातून नामक महिला से पूछताछ की। उसने बताया कि वह झारखंड के हजारीबाग की रहने वाली है और शहद बेचने के उद्देश्य से रायपुर आई है। महिला के पास कुल 37 कंटेनरों में करीब साढ़े पांच सौ लीटर शहद मिला। इतनी बड़ी मात्रा और दस्तावेजों की स्थिति को देखते हुए टीम को गुणवत्ता पर संदेह हुआ।
प्राथमिक जांच के आधार पर लगभग 2.30 लाख रुपए कीमत का शहद जब्त कर लिया गया और उसके विधिक नमूने जांच के लिए भेज दिए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि लैब रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। अभिहित अधिकारी विनोद कुमार गुप्ता ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरी की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए लगातार बाजार की निगरानी की जा रही है।
इस अभियान के तहत सिर्फ शहद ही नहीं, बल्कि शहर की विभिन्न मिठाई दुकानों से भी बड़ी संख्या में नमूने लिए गए। सुपर स्वीट्स से लूज पेड़ा, बीकानेर मिठाईवाला से लूज खोवा, शारदा डेयरी एंड फूड प्रोडक्ट से पेड़ा, न्यू जनता स्वीट्स एंड बेकर्स से खोवा, जगदम्बा बीकानेर स्वीट्स से काजू कतली, कृष्णा स्वीट्स से बेसन लड्डू, मीठा महल से पिस्ता बिस्किट और बेसन लड्डू तथा न्यू जनता होटल से कलाकंद के विधिक नमूने एकत्र किए गए। इन सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। अभियान में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कंचन वर्मा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सतीश राज और संतोष ध्रुव के साथ नमूना सहायक सुजीत मुखर्जी, निधि यादव, होरेन्द्र प्रकाश देवांगन और राकेश घिदौड़े शामिल रहे। टीम पिछले एक सप्ताह से लगातार बाजार में छापेमारी और सैंपलिंग कर रही है।
मिठाइयों के अलावा आम उपभोक्ताओं द्वारा रोजाना खाए जाने वाले खाद्य पदार्थ भी जांच के दायरे में रहे। कैफे बेंगलुरु से मसाला दोसा, न्यू नाइस बेकरी से ब्रेड, अन्य दुकानों से नारियल चटनी, छोले-भटूरे, ड्राई फ्रूट लड्डू, रेड खजूर और वेज सैंडविच के निगरानी नमूने लिए गए। चलित खाद्य प्रयोगशाला के माध्यम से मौके पर ही 94 खाद्य नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 87 नमूने मानक पाए गए, 5 नमूने अमानक और 2 नमूने मिथ्याछाप श्रेणी में आए।
अभियान के दौरान पान दुकानों पर भी कार्रवाई की गई। जय दुर्गा पान मसाला से पान पसंद के 15 पैकेट, पान राज के 62 पैकेट और सितार गुटखे के 53 पैकेट जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 26 हजार रुपए आंकी गई है। इससे पहले भी खमतराई इलाके के रावांभाठा ट्रांसपोर्ट नगर में 170 बोरी प्रतिबंधित सितार गुटखा बरामद किया गया था, जिसकी कीमत लगभग 25 लाख रुपए बताई गई थी। उस मामले में पुलिस में एफआईआर दर्ज कराई गई थी।
त्योहारों के मौसम में मिलावटखोरी और प्रतिबंधित उत्पादों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए प्रशासन की यह कार्रवाई उपभोक्ताओं की सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है। अब निगाहें लैब रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो यह तय करेगी कि जब्त किया गया शहद और अन्य नमूने गुणवत्ता मानकों पर खरे उतरते हैं या नहीं।