कंटेंट क्रिएटर्स के लिए बड़ी खुशखबरी है। गूगल के स्वामित्व वाले प्लेटफॉर्म YouTube ने शॉर्ट्स क्रिएटर्स के लिए एक नया AI-पावर्ड Remix फीचर टेस्ट करना शुरू कर दिया है। इस फीचर की मदद से अब वीडियो एडिटिंग के लिए किसी प्रोफेशनल सॉफ्टवेयर या थर्ड-पार्टी ऐप की जरूरत नहीं पड़ेगी। सिर्फ एक टेक्स्ट प्रॉम्प्ट देकर आप अपने वीडियो का पूरा हुलिया बदल सकेंगे।
फिलहाल यह फीचर अंग्रेज़ी भाषा में कंटेंट बनाने वाले चुनिंदा क्रिएटर्स के लिए टेस्टिंग फेज में उपलब्ध है। लेकिन अगर ट्रायल सफल रहता है, तो आने वाले समय में इसे बड़े स्तर पर रोलआउट किया जा सकता है।
रिमिक्स गैलरी में मिलेंगे नए AI टूल्स
YouTube अपनी Remix गैलरी में दो नए फीचर्स जोड़ने की तैयारी कर रहा है। इसका मकसद है कि शॉर्ट्स बनाने की प्रक्रिया को और तेज़, आसान और क्रिएटिव बनाया जा सके। अब वीडियो में कुछ जोड़ने, हटाने या बदलने के लिए घंटों की एडिटिंग की जरूरत नहीं पड़ेगी।
‘Add Object’ फीचर से 8 सेकंड में जादू
इस अपडेट का सबसे दिलचस्प हिस्सा है “Add Object” फीचर। इसके जरिए आप किसी भी 8 सेकंड की शॉर्ट क्लिप में AI से जनरेट की गई कोई भी चीज जोड़ सकते हैं।
मान लीजिए आप पार्क में टहल रहे हैं। अब आप एक साधारण प्रॉम्प्ट लिख सकते हैं—जैसे “Add a flying car in the background” या “Put a dinosaur behind me”—और AI उस ऑब्जेक्ट को आपके वीडियो में रियलिस्टिक तरीके से जोड़ देगा।
यह सब सीधे YouTube के भीतर होगा, यानी अलग से एडिटिंग ऐप डाउनलोड करने या जटिल सॉफ्टवेयर सीखने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
क्रिएटर्स के लिए क्या बदलेगा?
यह फीचर खासतौर पर शॉर्ट-फॉर्म वीडियो क्रिएटर्स के लिए गेम-चेंजर साबित हो सकता है। जो लोग मोबाइल से ही कंटेंट बनाते हैं, उन्हें अब एडवांस्ड विजुअल इफेक्ट्स जोड़ने का मौका मिलेगा। इससे क्रिएटिविटी बढ़ेगी और कम समय में ज्यादा आकर्षक वीडियो तैयार किए जा सकेंगे।
AI-आधारित टूल्स के जरिए YouTube अपने प्लेटफॉर्म को और ज्यादा इंटरैक्टिव और प्रतिस्पर्धी बनाना चाहता है, खासकर ऐसे समय में जब शॉर्ट वीडियो सेगमेंट में कड़ी टक्कर है।
फिलहाल यह फीचर सीमित यूजर्स के बीच टेस्ट हो रहा है, लेकिन अगर सब कुछ सही रहा तो जल्द ही दुनिया भर के क्रिएटर्स के लिए यह उपलब्ध हो सकता है।