टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के लिए 8 खिलाड़ी नामांकित, भारत से सिर्फ संजू सैमसन शामिल

Spread the love

ICC Men’s T20 World Cup 2026 अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और इसी बीच इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल ने टूर्नामेंट के सबसे बड़े व्यक्तिगत सम्मान ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के लिए आठ खिलाड़ियों के नाम घोषित कर दिए हैं। इस सूची में भारत से केवल एक खिलाड़ी को जगह मिली है और वह हैं विकेटकीपर बल्लेबाज Sanju Samson

इस टूर्नामेंट में सैमसन का सफर किसी रोलर-कोस्टर से कम नहीं रहा। शुरुआती मुकाबलों में वह टीम की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे, लेकिन बाद में टीम मैनेजमेंट ने रणनीति में बदलाव करते हुए उन्हें मौका दिया। इसके बाद सैमसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम इंडिया को मजबूती दी और लगातार प्रभावशाली पारियां खेलीं।

सुपर-8 चरण में जिम्बाब्वे के खिलाफ मुकाबले में उन्होंने तेजतर्रार 24 रन बनाकर अपनी लय दिखाई। इसके बाद कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ अहम मैच में उन्होंने नाबाद 97 रन की शानदार पारी खेली। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में भी सैमसन ने 89 रन बनाकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। भारत ने उस मैच में पहली पारी में 253 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया था।

गौरतलब है कि इससे पहले भारत की ओर से यह सम्मान Virat Kohli ने 2014 और 2016 में जीता था। अगर संजू सैमसन यह अवॉर्ड जीतते हैं तो वह इस उपलब्धि को हासिल करने वाले दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे।

आईसीसी द्वारा जारी इस सूची में सैमसन के अलावा सात अन्य खिलाड़ी भी शामिल हैं। इनमें इंग्लैंड के Will Jacks, पाकिस्तान के Sahibzada Farhan, दक्षिण अफ्रीका के Lungi Ngidi और Aiden Markram, न्यूजीलैंड के Rachin Ravindra और Tim Seifert तथा अमेरिका के Van Schalkwyk का नाम शामिल है।

इस सूची में अमेरिका के वैन शैलविक का नाम सबसे ज्यादा चौंकाने वाला माना जा रहा है। उनकी टीम भले ही ग्रुप चरण से आगे नहीं बढ़ पाई, लेकिन 37 वर्षीय इस गेंदबाज ने चार मैचों में 13 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया और अभी भी टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल हैं।

वहीं पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान 383 रन के साथ अब तक टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बने हुए हैं, हालांकि उनकी टीम सेमीफाइनल तक नहीं पहुंच सकी। दूसरी ओर न्यूजीलैंड के रचिन रविंद्र और टिम सिफर्ट अभी फाइनल मुकाबला खेलने वाले हैं, ऐसे में उनके पास अपने आंकड़े बेहतर करने और इस प्रतिष्ठित पुरस्कार की दौड़ में मजबूत दावा पेश करने का मौका रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *