Meta Pixel

मेंटेनेंस के बाद खुली खारून ब्रिज पर दूसरे दिन हादसा:ट्रक ने बाइक सवार को मारी टक्कर, पहिए के नीचे आने से मौके पर मौत

Spread the love

खारुन नदी ब्रिज पर मेंटेनेंस के काम के बाद इसे गुरुवार की रात को खोला गया था, लेकिन दो दिन बाद ही शनिवार दोपहर में खारुन नदी ब्रिज पर बड़ा सड़क हादसा हो गया। खारुन नदी ब्रिज के ऊपर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि बाइक सवार ट्रक के पहिए के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा दोपहर करीब 1 बजे खारुन नदी ब्रिज पर दुर्ग से रायपुर जाने वाले मार्ग पर हुआ है। एक काले रंग की पल्सर बाइक MP65 ME 8516 ब्रिज पर जा रही थी। तभी पीछे से आ रहे एक हाईवा ट्रक CG04 PQ 8262 ने जोरदार टक्कर मार दी।

तेज रफ्तार में ट्रक चला रहा था ड्राइवर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक ड्राइवर तेज रफ्तार में था और लापरवाही से चला रहा था। टक्कर लगते ही बाइक सवार सड़क पर गिर गया और ट्रक के पहिये के नीचे आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।

शव को मॉर्च्युरी में रखवाया

घटना के बाद पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मार्ग को खाली करवाया। पुलिस ने मृतक की जेब की तलाशी ली, जिसमें मिले पहचान पत्र से उसका नाम आरिफ रजा मंसूरी पता चला। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर शासकीय वाहन से सुपेला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसे मॉर्च्युरी में रखवाया गया।

पुलिस ने दर्ज किया केस

हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और उसके खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। इस घटना ने एक बार फिर हाईवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को उजागर किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *