दंतेवाड़ा – दंतेवाड़ा जिले के कुआकोंडा थाना क्षेत्र के ग्राम धनिकरका में एक परिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। 23 अप्रैल की रात आरोपी बुधराम मरकाम अपनी बुआ के लिए झाड़-फूंक कर रहा था, तभी उसकी मां आयते मरकाम ने इसका विरोध किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
गुस्से में बेटे ने उठाया खौफनाक कदम
बताया जा रहा है कि, विवाद बढ़ने पर आरोपी का गुस्सा बेकाबू हो गया, उसने अपनी मां को जमीन पर पटक दिया और फिर हंसिए से उसके सीने पर वार कर दिया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस की तत्परता, 24 घंटे में गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही कुआकोंडा पुलिस तुरंत हरकत में आई। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन में टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। तेज कार्रवाई करते हुए पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर आरोपी बुधराम मरकाम (34 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया आरोपी
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल दंतेवाड़ा भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।