रायपुर में मंगलवार शाम एक बड़ी लूट की वारदात से सनसनी फैल गई। बाइक सवार बदमाशों ने एक ज्वैलर्स शॉप के मैनेजर पर तलवार से हमला कर करीब 1 करोड़ रुपए के सोने-चांदी से भरे बैग को लूट लिया। गंभीर रूप से घायल मैनेजर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर जांच तेज कर दी है।
यह पूरा मामला खरोरा थाना क्षेत्र का है। पीड़ित की पहचान टीकाराम शर्मा के रूप में हुई है, जो ‘महावीर ज्वैलर्स’ में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। जानकारी के मुताबिक महावीर ज्वैलर्स की इलाके में दो शाखाएं संचालित होती हैं और टीकाराम एक ब्रांच से दूसरे ब्रांच में जेवरात पहुंचाने का काम कर रहे थे।
बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम करीब 7 बजे मौसम खराब होने के कारण तेज आंधी और बारिश शुरू हो गई। इसी वजह से टीकाराम शर्मा तिल्दाडीह मोड़ के पास रुक गए। जैसे ही बारिश थोड़ी कम हुई और वे आगे बढ़ने लगे, तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार बदमाशों ने टीकाराम के सिर पर तलवार से वार किया। अचानक हुए हमले से वह संभल भी नहीं पाए थे कि आरोपियों ने उनके पास मौजूद जेवरात से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। बैग में भारी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण रखे हुए थे, जिनकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपए बताई जा रही है।
घटना के तुरंत बाद घायल मैनेजर ने किसी तरह ज्वैलर्स प्रबंधन को जानकारी दी। इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनके सिर में गंभीर चोट आई है और हालत चिंताजनक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस, क्राइम ब्रांच और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि यह लूट पूरी प्लानिंग के तहत की गई है। पुलिस को शक है कि बदमाशों को मैनेजर के आने-जाने के रूट और समय की पहले से जानकारी थी।
जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि दो से तीन बदमाश इस वारदात में शामिल हो सकते हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।
इस सनसनीखेज लूट के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है, वहीं सराफा कारोबारियों में भी घटना को लेकर चिंता बढ़ गई है।