आप अगर घर पर ऐसा खाना बनाना चाहते हैं जो स्वाद में बिल्कुल ढाबा जैसा लगे, तो मसाला राजमा एक बेहतरीन विकल्प है। गाढ़ी ग्रेवी, खुशबूदार मसाले और सॉफ्ट राजमा का कॉम्बिनेशन हर किसी को पसंद आता है। खासतौर पर चावल के साथ इसका स्वाद और भी लाजवाब हो जाता है।
राजमा उत्तर भारत की सबसे पसंदीदा डिशों में से एक है, जिसे घर-घर में बड़े चाव से बनाया जाता है। सही मसालों और तरीके से बनाया गया राजमा इतना टेस्टी होता है कि उंगलियां चाटने का मन कर जाए। आइए जानते हैं मसाला राजमा बनाने की आसान और परफेक्ट रेसिपी।
मसाला राजमा बनाने के लिए सामग्री
- राजमा – 1 कप (रातभर भिगोया हुआ)
- प्याज – 2 (बारीक कटी)
- टमाटर – 2 (प्यूरी बना लें)
- अदरक-लहसुन पेस्ट – 1 बड़ा चम्मच
- हरी मिर्च – 1-2 (कटी हुई)
- हल्दी पाउडर – 1/2 छोटा चम्मच
- लाल मिर्च पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- धनिया पाउडर – 1 छोटा चम्मच
- गरम मसाला – 1/2 छोटा चम्मच
- जीरा – 1 छोटा चम्मच
- नमक – स्वादानुसार
- तेल या घी – 2 बड़े चम्मच
- हरा धनिया – सजाने के लिए
मसाला राजमा बनाने का तरीका
टेस्टी मसाला राजमा लंच-डिनर की शान होता है। इसे बनाने के लिए सबसे पहले भिगोए हुए राजमा को कुकर में डालें, उसमें नमक और पानी डालकर 4-5 सीटी आने तक पकाएं। राजमा अच्छे से सॉफ्ट होना चाहिए।
एक कढ़ाही में तेल या घी गर्म करें और उसमें जीरा डालें। जब जीरा चटकने लगे, तब उसमें प्याज डालकर सुनहरा भूरा होने तक भूनें। अब अदरक-लहसुन पेस्ट और हरी मिर्च डालकर कुछ सेकंड भूनें। इसके बाद टमाटर की प्यूरी डालें और तब तक पकाएं जब तक मसाले से तेल अलग न होने लगे।
अब हल्दी, लाल मिर्च, धनिया पाउडर और नमक डालकर अच्छे से मिक्स करें। मसाले को धीमी आंच पर अच्छी तरह पकाएं। अब उबले हुए राजमा को मसाले में डालें और अच्छी तरह मिलाएं।
जरूरत अनुसार पानी डालें और 10-15 मिनट तक धीमी आंच पर पकाएं, ताकि ग्रेवी गाढ़ी और स्वादिष्ट बन जाए। आखिर में गरम मसाला डालें और हरे धनिये से सजाएं। तैयार मसाला राजमा को चावल या रोटी के साथ सर्व करें।