दिग्गज फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है। सऊदी प्रो लीग में खेलते हुए उन्होंने अपना 100वां गोल दाग दिया, जिसकी बदौलत अल-नस्र ने अल-शबाब को 4-2 से हराकर लीग तालिका में मजबूत बढ़त हासिल कर ली।
गुरुवार को खेले गए मुकाबले में 41 वर्षीय स्टार फॉरवर्ड क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने मैच खत्म होने से करीब 15 मिनट पहले गोल किया। यह गोल सादियो माने के शानदार क्रॉस पर आया। इस गोल के साथ रोनाल्डो ने सऊदी प्रो लीग में अपने 100 गोल पूरे कर लिए। इतना ही नहीं, यह उनके शानदार करियर का 971वां गोल भी रहा।
इस सीजन में रोनाल्डो लगातार शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। लीग में यह उनका 26वां गोल है, जिससे वह गोल्डन बूट की दौड़ में भी मजबूत स्थिति में बने हुए हैं।