चीनी स्मार्टफोन कंपनी iQOO ने अपने नए स्मार्टफोन्स iQOO Z11 और iQOO Z11x को ग्लोबली लॉन्च कर दिया है। कंपनी ने इन दोनों डिवाइसेज को मलेशिया में पेश किया है। खास बात यह है कि स्टैंडर्ड iQOO Z11 को पहली बार चीन के बाहर लॉन्च किया गया है। लॉन्च के बाद इसकी सबसे ज्यादा चर्चा इसकी विशाल 9020mAh बैटरी और गेमिंग फोकस्ड फीचर्स को लेकर हो रही है।
iQOO Z11 कंपनी का ज्यादा प्रीमियम मॉडल माना जा रहा है। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी 9020mAh की बड़ी बैटरी है, जो मौजूदा समय के स्मार्टफोन मार्केट में बेहद बड़ी मानी जा रही है। इतनी बड़ी बैटरी होने के बावजूद कंपनी ने फोन को ज्यादा मोटा नहीं बनाया। इसकी मोटाई केवल 8.25mm रखी गई है, जबकि वजन 213 ग्राम है।
फोन में 90W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया गया है। इसके अलावा बायपास चार्जिंग और बैटरी हेल्थ प्रोटेक्शन जैसे फीचर्स भी मिलते हैं, जिससे लंबे समय तक बैटरी की लाइफ बेहतर बनी रहती है। गेमिंग और भारी इस्तेमाल के दौरान यह फीचर काफी उपयोगी माना जा रहा है।
डिस्प्ले की बात करें तो इसमें 6.83 इंच की बड़ी AMOLED स्क्रीन दी गई है, जो 1.5K रेजोल्यूशन और 144Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है। इससे गेमिंग और वीडियो देखने का अनुभव काफी स्मूद हो जाता है। कंपनी का दावा है कि इसकी ब्राइटनेस कुछ परिस्थितियों में 5000 निट्स तक पहुंच सकती है, जिससे तेज धूप में भी स्क्रीन साफ दिखाई देती है।
परफॉर्मेंस के लिए iQOO Z11 में Qualcomm का Snapdragon 7s Gen 4 प्रोसेसर दिया गया है। यह प्रोसेसर चीन में लॉन्च हुए मॉडल के Dimensity 8500 चिपसेट की जगह इस्तेमाल किया गया है। फोन में 12GB तक RAM और 256GB तक स्टोरेज का सपोर्ट मिलता है।
गेमिंग को बेहतर बनाने के लिए कंपनी ने इसमें बड़ा वेपर चैंबर कूलिंग सिस्टम भी दिया है, जिससे लंबे समय तक गेम खेलने पर फोन ज्यादा गर्म नहीं होता।
कैमरा फीचर्स की बात करें तो इसमें 50MP Sony IMX882 प्राइमरी कैमरा दिया गया है, जिसके साथ 2MP डेप्थ सेंसर मिलता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 32MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है, जो 4K वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करता है।
वहीं iQOO Z11x कंपनी का थोड़ा किफायती मॉडल है, लेकिन फीचर्स के मामले में यह भी काफी दमदार दिखाई देता है। इसमें 6.76 इंच की LCD डिस्प्ले दी गई है, जो 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है।
फोन में MediaTek Dimensity 7400-Turbo प्रोसेसर मिलता है। इसकी 7200mAh बैटरी भी काफी बड़ी मानी जा रही है और इसमें 44W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट दिया गया है।
सुरक्षा के लिहाज से iQOO Z11x में IP68 और IP69 रेटिंग दी गई है, जिससे यह फोन पानी और धूल से काफी हद तक सुरक्षित रहता है। कैमरा सेटअप में 50MP Sony IMX852 प्राइमरी कैमरा, 2MP डेप्थ सेंसर और 32MP सेल्फी कैमरा शामिल है।
कीमत की बात करें तो मलेशिया में iQOO Z11 के 8GB + 256GB वेरिएंट की कीमत RM1,899 रखी गई है, जबकि 12GB + 256GB मॉडल RM2,199 में लॉन्च हुआ है। वहीं iQOO Z11x के 8GB + 128GB वेरिएंट की कीमत RM1,299 और 256GB स्टोरेज मॉडल की कीमत RM1,599 रखी गई है।
दोनों स्मार्टफोन्स फिलहाल कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। शुरुआती 10 दिनों के लिए कंपनी डिस्काउंट ऑफर भी दे रही है। बड़ी बैटरी, हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले और गेमिंग फोकस्ड फीचर्स के कारण ये दोनों स्मार्टफोन मिड-प्रीमियम सेगमेंट में काफी चर्चा बटोर रहे हैं।