Meta Pixel

RCB vs मुंबई इंडियंस मैच के लिए हाई-टेक तैयारी, पहली बार लागू हुआ M-Ticket सिस्टम

Spread the love

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के बीच 10 मई को होने वाले हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर इस बार सुरक्षा और एंट्री सिस्टम पूरी तरह हाई-टेक कर दिया गया है। आयोजकों ने टिकटों की कालाबाजारी रोकने और दर्शकों को बेहतर अनुभव देने के लिए पहली बार “एम-टिकट” यानी मोबाइल टिकट प्रणाली लागू की है।

इस नई व्यवस्था के तहत अब दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश केवल आरसीबी के आधिकारिक ऐप पर मैच वाले दिन जनरेट होने वाले QR कोड के जरिए ही मिलेगा। इससे फर्जी टिकट, स्क्रीनशॉट और ब्लैक मार्केटिंग पर काफी हद तक रोक लगाने की कोशिश की गई है।

आयोजकों के मुताबिक इस बार ऑनलाइन टिकट सिस्टम को पहले से ज्यादा स्मार्ट बनाया गया है। टिकट खरीदने वाले दर्शकों को ऐप में 3D स्टैंड मैप और डिजिटल नेविगेशन की सुविधा भी मिलेगी। इसमें यह जानकारी होगी कि स्टेडियम में किस गेट से एंट्री करनी है, पार्किंग कहां मिलेगी, मेडिकल सेंटर और एम्बुलेंस कहां मौजूद हैं, और अपनी सीट तक पहुंचने के लिए कौन-सी सीढ़ियां इस्तेमाल करनी हैं।

सबसे बड़ा बदलाव यह है कि इस बार दर्शकों को सीट नंबर के हिसाब से बैठाया जाएगा। यानी हर टिकट के साथ सीट पहले से रिजर्व रहेगी। इससे पहले कई मैचों में “पहले आओ-पहले पाओ” जैसी स्थिति बन जाती थी, लेकिन अब अगर कोई दर्शक देर से भी स्टेडियम पहुंचेगा तो उसकी सीट सुरक्षित रहेगी।

आयोजकों का कहना है कि रायपुर में पहले कई मैचों के दौरान टिकटों की कालाबाजारी बड़ी समस्या रही है। नया M-Ticket सिस्टम सीधे दर्शक के मोबाइल नंबर और पहचान से जुड़ा रहेगा, जिससे फर्जी तरीके से टिकट बेचने वालों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि असली क्रिकेट फैंस को सही कीमत पर टिकट मिल सके।

आयोजकों ने कुछ महत्वपूर्ण नियम भी जारी किए हैं। M-Ticket को व्हाट्सएप, ईमेल या स्क्रीनशॉट के जरिए शेयर नहीं किया जा सकेगा। टिकट केवल उसी अधिकृत ऐप पर मान्य होगी, जिससे उसे खरीदा गया है।

अगर किसी वजह से टिकट किसी दूसरे व्यक्ति को ट्रांसफर करनी हो, तो यह प्रक्रिया ऐप के जरिए केवल एक बार ही की जा सकेगी। इसके बाद टिकट पूरी तरह लॉक हो जाएगी।

स्टेडियम गेट पर मौजूद स्कैनर जैसे ही QR कोड को स्कैन करेगा, वह तुरंत सिस्टम में “Used” मार्क हो जाएगा। इसके बाद उसी कोड से कोई दूसरा व्यक्ति एंट्री नहीं कर सकेगा। आयोजकों ने यह भी स्पष्ट किया है कि एक बार स्टेडियम से बाहर निकलने के बाद दोबारा प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

दर्शकों को इंटरनेट या नेटवर्क की परेशानी न हो, इसके लिए स्टेडियम परिसर में विशेष नेटवर्क और तकनीकी इंतजाम किए गए हैं ताकि ऐप आसानी से काम कर सके।

एंट्री प्रक्रिया को भी आसान बनाया गया है। दर्शकों को सबसे पहले अपने स्मार्टफोन में RCB Official App डाउनलोड करना होगा। इसके बाद उसी मोबाइल नंबर से लॉगिन करना होगा जिसका इस्तेमाल टिकट खरीदते समय किया गया था। OTP वेरिफिकेशन के बाद टिकट की जानकारी ऐप में दिखाई देगी।

हालांकि सुरक्षा कारणों से QR कोड पहले से दिखाई नहीं देगा। यह मैच वाले दिन गेट खुलने से कुछ समय पहले ऐप में जनरेट होगा और उसी को स्कैन कर दर्शकों को स्टेडियम में प्रवेश मिलेगा।

इस हाई-टेक व्यवस्था के जरिए आयोजक मैच देखने आने वाले फैंस को ज्यादा सुरक्षित, व्यवस्थित और परेशानी मुक्त अनुभव देने की तैयारी में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *