Meta Pixel

ग्राम फुंडा में पाइपलाइन और नल कनेक्शन का कार्य पूर्ण, वैकल्पिक स्रोतों से पेयजल आपूर्ति निरंतर जारी

Spread the love

दुर्ग, 08 मई 2026/ कलेक्टर श्री अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाई गई है। इसी कड़ी में धमधा विकासखंड के ग्राम फुंडा में ’अंजोरा-धाबा समूह जल प्रदाय योजना’ के अंतर्गत अधोसंरचना विस्तार का कार्य पूर्णता की ओर है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम फुंडा में स्वीकृत 4,619 मीटर वितरण पाइपलाइन बिछाने का कार्य पूर्ण कर लिया गया है, जिससे गांव के सभी 187 घरों में नल कनेक्शन (एफएचटीसी) प्रदान करने का लक्ष्य शत-प्रतिशत हासिल कर लिया गया है। पेयजल व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के लिए गांव में पानी की टंकी का आरसीसी आधार और स्ट्रक्चर पूरी तरह तैयार कर लिया गया है, तथा केवल ऊपरी हिस्से (जिंक एलॉय टैंक) की स्थापना का कार्य शेष है, जिसे शीघ्र पूर्ण करने के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देशित किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान में भीषण गर्मी के कारण भू-जल स्तर गिरने से बोरवेल आधारित आपूर्ति में आंशिक बाधा आई है, लेकिन ग्रामीणों की सुविधा के लिए पुख्ता वैकल्पिक इंतजाम किए गए हैं। वर्तमान में 07 हैंडपम्प, 04 सिंगल फेज पावर पम्प और 02 सोलर पम्प के माध्यम से पेयजल की निरंतर आपूर्ति की जा रही है।  
उल्लेखनीय है कि सोशल मीडिया पर ग्राम फुंडा में जल आपूर्ति पूरी तरह ठप होने और ग्रामीणों के नहर व कुओं पर निर्भर होने संबंधी प्रसारित खबरें तथ्यात्मक रूप से सही नहीं हैं और भ्रामक हैं। विभाग द्वारा योजना के तहत अब तक ठेकेदार को 27.39 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है। जैसे ही जिंक एलॉय टैंक की स्थापना पूर्ण होगी, इसे मुख्य समूह योजना से जोड़कर नियमित और सुचारू जलापूर्ति शुरू कर दी जाएगी। तब तक वैकल्पिक स्रोतों के माध्यम से ग्रामीणों को पेयजल उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता बनी हुई है।  

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *