Meta Pixel

रायपुर का स्टेडियम RCB के रंग में रंगा, मुंबई इंडियंस मुकाबले से पहले बदला पूरा माहौल

Spread the love

10 मई को होने वाले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस के हाईवोल्टेज मुकाबले से पहले रायपुर का शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पूरी तरह तैयार नजर आ रहा है। आईपीएल के इस बड़े मैच को लेकर शहर में जबरदस्त उत्साह दिखाई दे रहा है, वहीं स्टेडियम का माहौल भी पूरी तरह RCB के रंग में रंग चुका है। क्योंकि रायपुर को इस सीजन में आरसीबी के दूसरे होम ग्राउंड के रूप में तैयार किया गया है, इसलिए मैदान के हर कोने में बेंगलुरु टीम की मौजूदगी साफ दिखाई दे रही है।

हालांकि मैच से पहले यह चर्चा काफी तेज थी कि स्टेडियम के कॉर्पोरेट बॉक्स और वीआईपी एरिया को छत्तीसगढ़ी संस्कृति, लोक कला और पारंपरिक थीम से सजाया जाएगा, ताकि बाहर से आने वाले दर्शकों और मेहमानों को स्थानीय संस्कृति की झलक देखने को मिले। लेकिन शुक्रवार को जब हरिभूमि की टीम ने स्टेडियम का दौरा किया तो वहां ऐसा कुछ नजर नहीं आया। स्टेडियम के चारों ओर केवल आरसीबी के पोस्टर, बैनर और बड़े-बड़े वॉल ग्राफिक्स दिखाई दिए। कॉर्पोरेट बॉक्स से लेकर दर्शक दीर्घा तक हर जगह सिर्फ टीम ब्रांडिंग ही हावी नजर आई।

स्टेडियम में इस बार दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई बड़े बदलाव किए गए हैं। सबसे बड़ा बदलाव पवेलियन के ऊपर स्थित पुराने गोल्ड स्टैंड में किया गया है। पहले यहां करीब 100 लोगों के बैठने की व्यवस्था रहती थी, लेकिन अधिक भीड़ की वजह से लोगों को असुविधा होती थी। अब इस हिस्से को पूरी तरह अपग्रेड कर नया प्रीमियम व्यूइंग एरिया बनाया गया है।

नई व्यवस्था के तहत यहां खास टेबल्स और लग्जरी सीटिंग अरेंजमेंट लगाए गए हैं। दर्शकों की संख्या भी घटाकर 50 कर दी गई है ताकि लोग बिना भीड़भाड़ के आराम से मैच का आनंद ले सकें। अब यहां बैठने वाले दर्शक मैच के साथ-साथ खाने-पीने की सुविधा का भी आरामदायक अनुभव ले पाएंगे।

आरसीबी प्रबंधन ने रायपुर स्थित अपने इस दूसरे होम ग्राउंड को आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए बड़ा निवेश भी किया है। जानकारी के मुताबिक, दर्शकों और वीआईपी मेहमानों के लिए सुविधाएं बेहतर बनाने में करीब एक करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। सभी कॉर्पोरेट बॉक्स को नया लग्जरी लुक दिया गया है, जहां हाई-क्वालिटी इंटीरियर, आरामदायक सीटिंग, हाई-स्पीड वाई-फाई और बेहतरीन एयर कंडीशनिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। विराट कोहली की आरसीबी और रोहित शर्मा-हार्दिक पंड्या वाली मुंबई इंडियंस के बीच होने वाला यह मुकाबला सीजन के सबसे चर्चित मैचों में गिना जा रहा है। ऐसे में रायपुर का स्टेडियम भी किसी बड़े क्रिकेट फेस्टिवल जैसा माहौल पेश करता दिखाई दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *