Meta Pixel

सर्दी-खांसी से राहत दिलाएगी घर की बनी अदरक कैंडी, स्वाद के साथ मिलेगा सेहत का फायदा

Spread the love

बदलते मौसम में सर्दी, खांसी और गले में खराश जैसी समस्याएं बेहद आम हो जाती हैं। ऐसे समय में ज्यादातर लोग दवाइयों के बजाय घरेलू नुस्खों पर ज्यादा भरोसा करते हैं। इन्हीं घरेलू उपायों में अदरक का नाम सबसे ऊपर आता है। अदरक को आयुर्वेद में औषधीय गुणों से भरपूर माना गया है और यह गले की परेशानी से राहत दिलाने में काफी मददगार माना जाता है।

अगर आप अदरक को रोजाना अपनी डाइट में शामिल करना चाहते हैं, तो अदरक की कैंडी एक बेहतरीन विकल्प हो सकती है। यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ हेल्थ के लिए भी फायदेमंद मानी जाती है। खास बात यह है कि इसे घर पर बेहद आसानी से तैयार किया जा सकता है और लंबे समय तक स्टोर भी किया जा सकता है।

अदरक कैंडी बनाने के लिए सबसे पहले लगभग 250 ग्राम ताजा अदरक लें। इसे अच्छी तरह धोकर छिलका उतार लें और फिर छोटे-छोटे पतले टुकड़ों या क्यूब्स में काट लें। कोशिश करें कि सभी टुकड़े लगभग एक जैसे हों, ताकि वे समान रूप से पक सकें।

अब कटे हुए अदरक को एक पैन में डालें और पानी के साथ करीब 8 से 10 मिनट तक उबालें। इस प्रक्रिया से अदरक का तीखापन थोड़ा कम हो जाता है और वह नरम भी हो जाती है। उबालने के बाद अतिरिक्त पानी को छान लें।

इसके बाद एक कढ़ाही में एक कप चीनी और आधा कप पानी डालकर चाशनी तैयार करें। जब चाशनी हल्की गाढ़ी होने लगे तो उसमें उबला हुआ अदरक डाल दें। धीमी आंच पर इसे लगातार चलाते हुए पकाएं ताकि चाशनी अदरक के टुकड़ों पर अच्छी तरह चढ़ जाए।

जब अदरक चाशनी को पूरी तरह सोख ले तो गैस बंद कर दें। अब इन टुकड़ों को एक प्लेट में अलग-अलग फैलाकर रख दें और 6 से 7 घंटे या पूरी रात सूखने दें। चाहें तो ऊपर से थोड़ा काला नमक या चाट मसाला छिड़क सकते हैं, जिससे इसका स्वाद और बढ़ जाता है।

पूरी तरह सूखने के बाद अदरक कैंडी को एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करें। सही तरीके से रखने पर यह कई हफ्तों तक खराब नहीं होती और जरूरत पड़ने पर आसानी से इस्तेमाल की जा सकती है।

विशेषज्ञों के मुताबिक अदरक में एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं, जो गले की खराश और सर्दी-जुकाम से राहत दिलाने में मदद कर सकते हैं। हालांकि किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी माना जाता है।

घर की बनी अदरक कैंडी न सिर्फ बच्चों बल्कि बड़ों के लिए भी स्वाद और सेहत का शानदार कॉम्बिनेशन साबित हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *