Meta Pixel

गर्मियों में अपनाएं ‘नो-मेकअप लुक’, कम मेकअप में पाएं नेचुरल ग्लो और फ्रेशनेस

Spread the love

गर्मी के मौसम में हैवी मेकअप अक्सर चेहरे को बोझिल और पैची दिखाने लगता है। पसीना, ऑयल और धूप की वजह से फाउंडेशन जल्दी खराब हो जाता है, इसलिए अब ट्रेंड बदल चुका है। इस सीजन में महिलाएं लाइट, ब्रीदेबल और नेचुरल मेकअप लुक को ज्यादा पसंद कर रही हैं। “नो-मेकअप मेकअप लुक” आजकल सबसे ज्यादा ट्रेंड में है, जिसमें कम प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करके चेहरे की नैचुरल खूबसूरती को उभारा जाता है। सही स्किन केयर और हल्के मेकअप का बैलेंस आपको गर्मियों में फ्रेश, ग्लोइंग और आकर्षक लुक देता है।

समर मेकअप की शुरुआत हमेशा स्किन को कूल और फ्रेश करने से करनी चाहिए। इसके लिए चेहरे पर 1 से 2 मिनट तक आइस क्यूब हल्के हाथों से रब करें या फेस मिस्ट स्प्रे करें। इससे स्किन रिलैक्स होती है, पोर्स टाइट होते हैं और मेकअप लंबे समय तक टिकता है। इसके बाद अपनी स्किन टाइप के अनुसार मॉयश्चराइजर लगाना बेहद जरूरी है। ऑयली स्किन वालों के लिए जेल बेस्ड मॉयश्चराइजर बेहतर रहता है, जबकि ड्राय स्किन के लिए हल्का क्रीम बेस्ड मॉयश्चराइजर सही माना जाता है। इससे स्किन हाइड्रेट रहती है और मेकअप स्मूद तरीके से सेट होता है।

गर्मियों में भारी फाउंडेशन लगाने के बजाय टिंटेड मॉयश्चराइजर या हल्के कवरेज वाले सनस्क्रीन का इस्तेमाल करना ज्यादा अच्छा रहता है। इससे स्किन को धूप से सुरक्षा भी मिलती है और चेहरा नेचुरल भी दिखता है। पूरे चेहरे पर कंसीलर लगाने की बजाय केवल जरूरत वाली जगहों पर स्पॉट करेक्शन करें, जैसे डार्क सर्कल्स, पिंपल्स या नाक के आसपास। इससे चेहरा ज्यादा साफ और नैचुरल दिखाई देता है।

इस मौसम में पावडर बेस्ड मेकअप की जगह क्रीम बेस्ड प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल बेहतर माना जाता है। क्रीम ब्लश और क्रीम ब्रॉन्जर स्किन में आसानी से ब्लेंड हो जाते हैं और चेहरे को हेल्दी ग्लो देते हैं। वहीं आंखों के मेकअप में ब्राउन या न्यूड शेड्स का आईशैडो लगाएं और पतली लाइन में आईलाइनर इस्तेमाल करें। साथ में वॉटरप्रूफ मस्कारा जरूर लगाएं ताकि पसीने में भी मेकअप खराब न हो। अगर ज्यादा समय नहीं है तो सिर्फ काजल और मस्कारा से भी आंखों को खूबसूरत लुक दिया जा सकता है।

गर्मियों में आईब्रोज को ज्यादा डार्क और हैवी फिल करने से बचना चाहिए। हल्के हाथ से ब्रश करके थोड़ा-सा फिल करने पर चेहरा ज्यादा सॉफ्ट और नेचुरल लगता है। वहीं होंठों के लिए ड्राय मैट लिपस्टिक की बजाय टिंटेड लिप बाम या लिप ग्लॉस बेहतर विकल्प हैं। इससे होंठ हाइड्रेटेड रहते हैं और फ्रेश लुक मिलता है।

पावडर का इस्तेमाल भी सीमित मात्रा में करें। पूरे चेहरे पर लगाने की बजाय केवल टी-जोन यानी माथा, नाक और चिन पर हल्का कॉम्पैक्ट लगाएं। इससे ऑयल कंट्रोल रहेगा और चेहरा केकी नहीं दिखेगा। आखिर में सेटिंग स्प्रे का इस्तेमाल करें और दिन में जरूरत पड़ने पर फेस मिस्ट से मेकअप को रिफ्रेश कर सकती हैं।

गर्मियों में कुछ छोटी-छोटी बातें भी मेकअप को लंबे समय तक टिकाने में मदद करती हैं। पसीना आने पर चेहरे को रगड़ने की बजाय टिश्यू या ब्लॉटिंग पेपर से हल्के हाथ से टैप करें। हैवी कंटूरिंग से बचें और हमेशा वॉटरप्रूफ व स्वेट-प्रूफ प्रोडक्ट्स चुनें। दिन में 2 से 3 बार फेस वाइप्स का इस्तेमाल भी स्किन को फ्रेश बनाए रखता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *