रायपुर – आरंग के समोदा में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में जब सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यशैली पर खुलकर नाराजगी जाहिर की। जनसमस्याओं की सुनवाई के दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद नायब तहसीलदार को कड़ी फटकार लगाते हुए लंबित मामलों और लगातार मिल रही शिकायतों पर सवाल उठाए है।
सबसे ज्यादा शिकायतें आपके खिलाफ
कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनते हुए सांसद ने कहा कि सबसे अधिक शिकायतें नायब तहसीलदार के खिलाफ सामने आ रही हैं। उन्होंने अधिकारियों के सामने ही तीखे अंदाज में पूछा कि आखिरकार लोगों से पैसे क्यों लिए जा रहे हैं और ये रकम किस तक पहुंचाई जाती है। सांसद के इस रुख से कार्यक्रम स्थल पर कुछ देर के लिए सन्नाटा छा गया।
कार्यशैली सुधारने की दी चेतावनी
सांसद ने साफ शब्दों में कहा कि यदि भविष्य में शिकायतें दोबारा मिलीं तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि जनता के काम में लापरवाही और भ्रष्टाचार किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एडीएम और एसडीएम को जांच के निर्देश
मामले को गंभीर मानते हुए सांसद ने मौके पर मौजूद एडीएम और एसडीएम को निर्देश दिए कि नायब तहसीलदार के पास लंबित प्रकरणों की समीक्षा की जाए। साथ ही जनता से मिली शिकायतों की जांच कर जल्द रिपोर्ट पेश करने को कहा गया।
सुशासन तिहार में दिखा प्रशासन पर सख्त रुख
समोदा में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान सांसद का सख्त अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। कई लोगों ने इसे प्रशासनिक जवाबदेही तय करने की पहल बताया, वहीं अधिकारियों के बीच भी इस कार्रवाई को लेकर हलचल देखी गई।