गर्मियों में तेज धूप, पसीना और चिपचिपी गर्मी से राहत पाने के लिए ज्यादातर लोग ठंडी चीजों की तरफ भागते हैं। कोल्ड ड्रिंक, आइसक्रीम, पैकेज्ड जूस और बर्फ वाला पानी लोगों की पहली पसंद बन जाते हैं। इन्हें पीते या खाते ही कुछ देर के लिए ठंडक महसूस जरूर होती है, लेकिन डॉक्टरों के मुताबिक यह राहत सिर्फ अस्थायी होती है। कई बार यही चीजें शरीर को अंदर से और ज्यादा नुकसान पहुंचाने लगती हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि गर्मियों में जिन चीजों को लोग “कूलिंग फूड” समझकर खाते हैं, वे असल में शरीर का तापमान बिगाड़ सकती हैं। इससे डिहाइड्रेशन, पाचन खराब होना, मोटापा, ब्लड शुगर बढ़ना और कई दूसरी समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
सीनियर डाइटीशियन डॉ. पूनम तिवारी के मुताबिक गर्मियों में सबसे ज्यादा नुकसान करने वाली चीजों में कोल्ड ड्रिंक, पैकेज्ड जूस, आइसक्रीम, फ्लेवर्ड योगर्ट, सोडा और जरूरत से ज्यादा ठंडा पानी शामिल हैं। ये चीजें शरीर को कुछ मिनटों के लिए ठंडा महसूस जरूर कराती हैं, लेकिन बाद में शरीर का संतुलन बिगाड़ देती हैं।
कोल्ड ड्रिंक और सॉफ्ट ड्रिंक में मौजूद हाई शुगर और कैफीन शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकते हैं। इससे ब्लड शुगर तेजी से बढ़ता है और थोड़ी देर बाद थकान महसूस होने लगती है। इन ड्रिंक्स में मौजूद गैस पेट फूलने, डकार और एसिडिटी जैसी समस्याएं भी बढ़ा सकती है।
पैकेज्ड जूस को लोग हेल्दी मानते हैं, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि इनमें अक्सर जरूरत से ज्यादा शुगर और प्रिजर्वेटिव्स होते हैं। ये शरीर में फैट स्टोरेज बढ़ा सकते हैं और लंबे समय में मोटापा व फैटी लिवर जैसी समस्याओं का कारण बन सकते हैं।
आइसक्रीम भी गर्मियों में सबसे लोकप्रिय चीजों में शामिल है, लेकिन इसमें हाई शुगर और सैचुरेटेड फैट मौजूद होता है। ज्यादा आइसक्रीम खाने से वजन बढ़ने का खतरा बढ़ जाता है। बहुत ठंडी चीजें गले की अंदरूनी परत को भी प्रभावित कर सकती हैं, जिससे खराश और इन्फेक्शन हो सकता है।
डॉक्टरों के मुताबिक बहुत ज्यादा ठंडा पानी पीना भी नुकसानदायक हो सकता है। इससे शरीर का कोर टेम्परेचर प्रभावित होता है और पाचन प्रक्रिया धीमी पड़ सकती है। कई लोगों में इससे गले की समस्या और पेट में असहजता भी हो सकती है।
विशेषज्ञों का कहना है कि असली “कूलिंग फूड” वे होते हैं जो शरीर को अंदर से संतुलित रखें, पर्याप्त पानी दें और पाचन को सपोर्ट करें। यानी जो प्राकृतिक हों, स्थानीय स्तर पर उगते हों और जिनका सेवन हमारे पूर्वज भी करते रहे हों।
गर्मियों में शरीर को प्राकृतिक रूप से ठंडा रखने के लिए कुछ चीजें बेहद फायदेमंद मानी जाती हैं। इनमें नारियल पानी, छाछ, दही, खीरा, तरबूज, खरबूजा, बेल का शरबत, नींबू पानी, पुदीना, सत्तू और ककड़ी जैसी चीजें शामिल हैं। ये शरीर को हाइड्रेट रखने के साथ इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बनाए रखने में भी मदद करती हैं।
पुदीना और नींबू वाला पानी गर्मियों में काफी फायदेमंद माना जाता है। वहीं छाछ और सत्तू शरीर को लंबे समय तक ठंडक और ऊर्जा देने में मदद करते हैं। तरबूज और खरबूजा जैसे फल शरीर में पानी की कमी पूरी करते हैं और हीट स्ट्रेस कम करने में सहायक होते हैं।
गर्मियों में खानपान को लेकर कुछ सावधानियां बरतना भी बेहद जरूरी है। डॉक्टर सलाह देते हैं कि ज्यादा तला-भुना और मसालेदार भोजन कम खाना चाहिए। बाहर की खुली चीजों से बचना चाहिए और दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना चाहिए।
एक सामान्य व्यक्ति को गर्मियों में रोजाना करीब 2.5 से 3.5 लीटर पानी पीना चाहिए। हालांकि यह मात्रा मौसम, शारीरिक गतिविधि और स्वास्थ्य के अनुसार कम या ज्यादा हो सकती है।
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर लोग गर्मियों में प्राकृतिक और हल्का भोजन अपनाएं तो वे हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन और पाचन संबंधी कई समस्याओं से आसानी से बच सकते हैं।