Bhilai में देर रात शराबियों का हिंसक उत्पात देखने को मिला। पंजाब बार के बाहर मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ युवकों ने दो भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले बीयर की बोतल सिर पर फोड़ी, फिर जमीन पर गिराकर चेहरे पर लगातार लातें बरसाईं। पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला Vaishali Nagar थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक घटना रविवार देर रात करीब 11:30 बजे से रात 12 बजे के बीच की है। बताया जा रहा है कि ज्ञानेश साहू उर्फ आकाश अपने बड़े भाई आशीष साहू और पप्पू साहू के साथ पंजाब बार में शराब पीने पहुंचे थे।
तीनों बार के अंदर बैठे हुए थे, तभी किसी बात को लेकर आशीष साहू का बाहर कुछ युवकों से विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आशीष वापस बार के अंदर भागा, लेकिन उसके पीछे 3 से 4 युवक भी बार के अंदर घुस आए और हमला शुरू कर दिया।
वीडियो में दिखाई दे रहा है कि आरोपी एक युवक को घेरकर बेरहमी से पीट रहे हैं। युवक के जमीन पर गिरने के बाद भी उसके चेहरे पर लगातार लातें मारी गईं। इतना ही नहीं, आरोपियों ने उसके पैरों पर बाइक चढ़ाने की कोशिश भी की। इस दौरान बार के बाहर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
अपने भाई को बचाने पहुंचे ज्ञानेश साहू को भी आरोपियों ने नहीं छोड़ा। पीड़ितों के मुताबिक हमलावरों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और बीयर की कांच की बोतल तथा धारदार हथियार से हमला कर दिया।
हमले में ज्ञानेश साहू के सिर, हाथ, सीने, पीठ और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। वहीं आशीष साहू के गले और पीठ पर भी चोटें आईं। घटना के बाद बार के बाहर खून के धब्बे और टूटी कांच की बोतलें दिखाई दीं।
मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। दोनों घायलों ने पुलिस को बताया है कि सामने आने पर वे आरोपियों की पहचान कर सकते हैं।
वैशाली नगर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वायरल वीडियो और आसपास लगे CCTV कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने में जुटी हुई है।
इस मामले में भिलाई नगर CSP सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि पंजाब बार में मारपीट की घटना हुई है। शराब पीने के बाद बाहर निकलते समय दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद हिंसक झड़प हो गई। फिलहाल आरोपियों की तलाश जारी है।


