Manpreet Singh ने भारतीय क्रिकेट के फिटनेस आइकन Virat Kohli और उनकी IPL टीम Royal Challengers Bengaluru को दिलचस्प फिटनेस चैलेंज दे दिया है। भारतीय हॉकी टीम के दिग्गज खिलाड़ी मनप्रीत सिंह ने कहा है कि वह विराट और पूरी RCB टीम को भारतीय हॉकी खिलाड़ियों के साथ संयुक्त ट्रेनिंग सेशन में देखना चाहते हैं, जहां दोनों टीमों के बीच यो-यो टेस्ट मुकाबला कराया जा सके।
दो बार के ओलंपिक पदक विजेता मनप्रीत सिंह ने रेवस्पोर्ट्स से बातचीत के दौरान यह इच्छा जाहिर की। जब उनसे विराट कोहली की फिटनेस और यो-यो टेस्ट को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि मुकाबला सिर्फ विराट से नहीं बल्कि पूरी RCB टीम से होना चाहिए।
मनप्रीत ने कहा कि वह चाहते हैं कि हॉकी और क्रिकेट खिलाड़ी साथ ट्रेनिंग करें और एक-दूसरे की फिटनेस को करीब से समझें। उन्होंने कहा, “बिल्कुल, हम विराट और पूरी RCB टीम को हमारे साथ ट्रेनिंग सेशन के लिए बुलाना चाहते हैं। हम एक-दूसरे के साथ मुकाबला करेंगे।”
हालांकि मनप्रीत ने यह भी साफ किया कि हॉकी और क्रिकेट दोनों खेलों की फिटनेस जरूरतें पूरी तरह अलग होती हैं और दोनों की तुलना सीधे तौर पर करना सही नहीं होगा।
बातचीत के दौरान जब इंटरव्यूअर ने कहा कि फिटनेस के मामले में हॉकी खिलाड़ी शायद क्रिकेटर्स से ज्यादा मजबूत साबित हो सकते हैं, तब मनप्रीत ने बेहद संतुलित जवाब दिया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट भी आसान खेल नहीं है और बल्लेबाजों को बेहद तेज रफ्तार गेंदों का सामना करना पड़ता है।
मनप्रीत ने कहा, “अगर हमें बल्लेबाजी करने को कहें तो वह भी आसान नहीं होगा। 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आने वाली गेंद को खेलना काफी मुश्किल होता है।”
उन्होंने आगे कहा कि दोनों खेलों की मांग अलग-अलग होती है। हॉकी में लगातार दौड़ना, स्पीड और स्टैमिना बेहद जरूरी होता है, जबकि क्रिकेट में आई कॉन्टैक्ट, रिफ्लेक्स, बल्लेबाजी तकनीक और पोजिशनिंग का बड़ा रोल होता है।
दरअसल मनप्रीत का यह बयान विराट कोहली के हालिया इंटरव्यू के बाद आया है, जिसमें विराट ने कहा था कि क्रिकेटरों की फिटनेस हॉकी खिलाड़ियों जैसी नहीं होती और क्रिकेट खिलाड़ी हॉकी प्लेयर्स की फिटनेस का 15 प्रतिशत भी नहीं रखते।
पिछले कुछ वर्षों में विराट कोहली भारतीय खेल जगत के सबसे बड़े फिटनेस आइकन बनकर उभरे हैं। उनकी फिटनेस ट्रांसफॉर्मेशन, डाइट और अनुशासन ने भारतीय क्रिकेट में फिटनेस कल्चर को नई दिशा दी है। आज कई युवा खिलाड़ी उन्हें अपना फिटनेस रोल मॉडल मानते हैं।
अब फैंस को इस बात का इंतजार रहेगा कि क्या कभी सच में भारतीय हॉकी टीम और RCB खिलाड़ियों के बीच ऐसा फिटनेस चैलेंज देखने को मिलेगा।