Meta Pixel

तेज रफ्तार का कहर : भाजपा बूथ अध्यक्ष को अज्ञात वाहन ने रौंदा, इलाज के दौरान मौत

Spread the love

बतौली – सरगुजा जिले के बतौली क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाजपा बूथ अध्यक्ष की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद करीब 20 मीटर तक घसीट दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

काम से बतौली आए थे शिवमंगल दास
जानकारी के मुताबिक ग्राम पोकसरी भालुबार निवासी शिवमंगल दास (50 वर्ष), भाजपा के बूथ अध्यक्ष थे। शनिवार रात वह अपने निजी कार्य से बतौली आए हुए थे। देर रात करीब 9:30 बजे वे अपनी बाइक क्रमांक CG 15 F 1869 से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान शांतिपारा मुख्य मार्ग के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर के बाद 20 मीटर तक घसीटा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि बाइक समेत शिवमंगल दास को काफी दूर तक घसीटता चला गया। हादसे में उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और उनका पैर भी टूट गया। बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई तथा सड़क पर खून बिखर गया। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।

112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल शिवमंगल दास को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण उन्होंने दम तोड़ दिया।

क्षेत्र और भाजपा कार्यकर्ताओं में शोक
शिवमंगल दास भाजपा संगठन से लंबे समय से जुड़े हुए थे और अपने सरल स्वभाव के कारण क्षेत्र में पहचान रखते थे। उनकी असमय मौत की खबर मिलते ही परिजन और ग्रामीणों में मातम छा गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी गहरा दुख व्यक्त किया है।

भाजपा मंडल महामंत्री ने जताया दुख
भाजपा मंडल महामंत्री विश्वनाथ यादव ने हादसे पर शोक जताते हुए कहा कि पार्टी ने एक निष्ठावान और समर्पित कार्यकर्ता खो दिया है। उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोषी वाहन चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी
बतौली पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *