छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में हाईवे पर बर्थडे सेलिब्रेशन और स्टंटबाजी जारी है। बॉयफ्रेंड ने गर्लफ्रेंड का बर्थडे मनाने के लिए नेशनल हाईवे पर पायरो जलाए और आतिशबाजी की। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। आरोपी बॉयफ्रेंड और गर्लफ्रेंड को हिरासत में लिया है। इसके अलावा सकरी थाना क्षेत्र से स्टंटबाजी का एक और वीडियो सामने आया है, जिसमें 2 युवक चलती कार के पीछे लटककर स्टंट करते नजर आए। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इससे पहले भी एक युवती का चलती कार के सामने रैंप वॉक करने और शैंपेन की बोतल खोलकर मस्ती करने का वीडियो वायरल हुआ था।
हाईकोर्ट ने सख्त हिदायत दी है कि नेशनल हाईवे पर इस तरह बर्थडे सेलिब्रेशन और स्टंटबाजी करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। बिलासपुर में पिछले 10 महीनों में स्टंटबाजी के 21 से ज्यादा केस दर्ज हो चुके हैं।
गर्लफ्रेंड के साथ मना रहा था जश्न
कोनी पुलिस के अनुसार कुदुदंड निवासी अरविंद सैनी (31) गर्लफ्रेंड के साथ कोनी-रतनपुर रोड पर स्कॉर्पियो के बोनट केक काटकर जन्मदिन मना रहा था। इस दौरान पटाखे जलाकर आतिशबाजी भी की जा रही थी।
ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले में स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया गया है। वहीं, अरविंद सैनी के साथ उसकी गर्लफ्रेंड को हिरासत में लिया गया है। इस दौरान अरविंद पुलिस से माफी मांगते दिखा और दूसरे से हाईवे पर सेलिब्रेशन न करने की अपील की।
चलती कार के पीछे लटककर स्टंटबाजी
सकरी क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें युवक मस्ती करते हुए कार को तेज रफ्तार में दौड़ाते नजर आ रहे हैं। वहीं, दो युवक चलती कार के पीछे लटककर खतरनाक तरीके से स्टंटबाजी करते दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल, वीडियो के आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
10 महीनों में 21 से ज्यादा मामले दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक पिछले 10 महीनों में सड़क पर स्टंटबाजी, खतरनाक ड्राइविंग और सार्वजनिक मार्ग पर बर्थडे सेलिब्रेशन से जुड़े 21 से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 14 मामले स्टंटबाजी और 7 मामले सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन के हैं।
इन मामलों में अब तक 41 वाहन जब्त किए जा चुके हैं, जबकि 78 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की अपील- सड़क स्टंटबाजी का मंच नहीं
एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने कहा कि रात के समय इस तरह की हरकतें अन्य वाहन चालकों का ध्यान भटका सकती हैं, जिससे सड़क हादसों की आशंका बढ़ जाती है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए यातायात नियमों की अनदेखी न करें। साथ ही सड़क को सेलिब्रेशन और स्टंटबाजी का मंच बनाने से बचें।
हाईकोर्ट की चेतावनी, फिर भी नहीं थम रही स्टंटबाजी
बता दें कि युवाओं में रील्स बनाने और सोशल मीडिया पर वायरल होने का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। रील्स बनाने के चक्कर में युवा अपनी जान जोखिम में डालकर ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं।
इससे पहले रतनपुर रोड पर नेशनल हाईवे रोककर तलवार से केक काटते हुए बर्थडे सेलिब्रेट करने का वीडियो सामने आया था। वहीं, मस्तूरी रोड पर गाड़ियों के काफिले में कार के दरवाजे से बाहर निकलकर रील्स बनाने और पुराने रिवरव्यू क्षेत्र में बाइक से स्टंटबाजी करने के वीडियो भी वायरल हो चुके हैं।
इन घटनाओं पर हाईकोर्ट ने नाराजगी जताते हुए शासन-प्रशासन को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे।