रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र स्थित काठाडीह बीएसयूपी कॉलोनी में एक मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। तुलसी के पौधे के पास रील बनाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी मारपीट तक पहुंच गई, जिसमें दो महिलाओं को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और विरोध स्वरूप बजरंग दल के कार्यकर्ता भी बस्ती में पहुंच गए।
पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात की है। ब्लॉक नंबर-18 निवासी परमिला सेन ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उनके घर की बालकनी में पूजा के लिए तुलसी का पौधा रखा हुआ है। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाली फिरदोस बेगम के बच्चे तुलसी के गमले के पास रील बना रहे थे और इस दौरान गमले को पकड़कर हिला भी रहे थे।
परमिला सेन ने बच्चों को ऐसा करने से मना किया और तुलसी के पौधे का सम्मान करने की बात कही। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि कुछ समय बाद बच्चों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया।
शिकायत के मुताबिक, फिरदोस बेगम, उनकी बहन सलतनत बेगम और मेहताब खान के साथ विवाद बढ़ गया। आरोप है कि सलतनत बेगम डंडा लेकर पहुंचीं और परमिला सेन पर हमला कर दिया। वहीं अन्य लोगों ने भी हाथ-मुक्कों और लात-घूंसों से मारपीट की। इस दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
विवाद को शांत कराने के लिए आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पड़ोस में रहने वाली पिंकी जार्ज भी बीच-बचाव करने आईं, लेकिन उन्हें भी चोटें लगीं। शिकायत के अनुसार, उनके सिर और नाक पर डंडे से वार किया गया, जिससे वे घायल हो गईं। दोनों महिलाओं को चोट लगने के बाद स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया।
घटना के बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर सलतनत बेगम, फिरदोस बेगम और मेहताब खान के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच बुधवार रात को घटना के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ता बस्ती में पहुंच गए। उनके पहुंचने से इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए हनुमान चालीसा का पाठ भी किया। स्थिति को देखते हुए मुजगहन थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने को कहा। सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की गई, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
पुलिस का कहना है कि मूल विवाद पड़ोसियों के बीच रील बनाने को लेकर हुआ था, जिसे लेकर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठा रहा है।


