Meta Pixel

जिला जेल से दीवार फांदकर फरार हुआ कैदी : स्टेशन से कुछ घंटों में दबोचा गया, सुरक्षा व्यवस्था में चूक

Spread the love

पेंड्रा – जिला जेल पेंड्रारोड में सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक सामने आई, जब एक विचाराधीन कैदी जेल की मुख्य दीवार फांदकर फरार हो गया। हालांकि जेल प्रशासन और प्रहरियों की तत्परता के चलते आरोपी को कुछ ही घंटों के बाद पकड़कर दोबारा जेल भेज दिया गया।

10 जून को जेल में दाखिल किया गया था आरोपी
जानकारी के अनुसार पेंड्रा के बचरवार गाँव का निवासी कुलदीप राठौर उर्फ पटेल (19 वर्ष) को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत पेंड्रा पुलिस ने गिरफ्तार किया था। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के रिमांड वारंट पर उसे 10 जून को जिला जेल पेंड्रारोड में दाखिल किया गया था।\

प्रहरी को चकमा देकर दीवार फांदकर हुआ फरार
बताया गया कि 12 जून की सुबह करीब 6 बजे से 10 बजे के बीच आरोपी ने ड्यूटी पर तैनात प्रहरी को चकमा दिया और जेल की ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गया। बंदी के भागने की जानकारी मिलते ही जेल परिसर में हड़कंप मच गया और तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी सूचना दी गई।

घेराबंदी कर स्टेशन से पकड़ा गया आरोपी
पुलिस प्रशासन ने बिना देरी किए आसपास के क्षेत्रों में घेराबंदी कर फरार बंदी की तलाश शुरू की। पुलिस ने पीछा करते हुए कुलदीप राठौर को कुछ ही समय में पेंड्रारोड स्टेशन से पकड़ लिया और सुरक्षित रूप से वापस जेल में दाखिल कर दिया।

भागने के प्रयास का मामला दर्ज कराने की तैयारी
घटना के बाद जिला जेल पेंड्रारोड के सहायक जेल अधीक्षक ने गौरेला थाना में आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ जेल से भागने के प्रयास का मामला दर्ज करने की मांग की है। मामले से संबंधित प्रतिवेदन केंद्रीय जेल बिलासपुर के अधीक्षक को भी भेजा गया है।

सुरक्षा व्यवस्था की जांच शुरू
जेल प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था में हुई चूक को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *