Meta Pixel

विश्व रक्तदाता दिवस पर विशेष : अब भटकना नहीं पड़ेगा खून के लिए, ई-रक्तकोष से मिलेगी सटीक जानकारी

Spread the love

रायपुर – इमरजेंसी होने पर अब मरीज के परिजनों को खून की खातिर इधर-उधर ब्लड बैंक के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। केंद्र सरकार के ई-रक्तकोष के माध्यम से आवश्यक स्टॉक की सटीक जानकारी मिलेगी। इस डिजिटल पोर्टल पर शासकीय के साथ निजी ब्लड बैंक में उपलब्ध रक्त और उसके स्टॉक की पूरी जानकारी अपडेट होगी। इतना ही नहीं पोर्टल पर रक्त की उपलब्धता सर्च करने वाले को नजदीकी संस्थान का लोकेशन भी पता चल जाएगा।

राजधानी रायपुर में एम्स, आंबेडकर अस्पताल के अलावा बड़ी संख्या में निजी अस्पताल मौजूद है। यहां इलाज के लिए रायपुर ही नहीं प्रदेश के विभिन्न जिलों से मरीज इलाज के लिए आते हैं। गंभीर बीमारी के दौरान उन्हें खून की आवश्यकता होती है और कई बार ऐसी स्थिति बनती है संबंधित अस्पताल में आवश्यकता वाले रक्त समूह का स्टॉक नहीं मिलता। ऐसे में मरीज के परिजनों को अलग-अलग ब्लड बैंक में खून की खातिर भटकना पड़ता है। इस समस्या से आने वाले दिनों में परिजनों को निजात मिलने की संभावना है।

ई-रक्तकोष की डिजिटल सेवा से छत्तीसगढ़ के तमाम ब्लड बैंकों को जोड़ा जाएगा
केंद्र सरकार के ई-रक्तकोष की डिजिटल सेवा से छत्तीसगढ़ के तमाम ब्लड बैंकों को जोड़ा जाएगा। इसमें रायपुर जिले के 30 ब्लड बैंक भी शामिल होंगे। उन्हें नियमित रूप से यह जानकारी अपडेट करनी होगी कि संस्थान में कितने और कौन से ग्रुप के रक्त मौजूद है। जरूरतमंद निर्धारित पोर्टल का उपयोग मोबाइल ऐप के माध्यम से कर सकेंगे। आने वाले समय में लागू होने वाले इस सिस्टम में यह भी सुविधा होगी की सर्च करने वाले जरूरतमंद मरीज को इस बात का पता लग जाएगा कि उसके नजदीक में कौन से बल्ड बैंक में उसकी जरूरत के मुताबिक खून का स्टॉक मौजूद हैं।

जिला अस्पताल में भी लगेगा सेपरेशन यूनिट
जिला अस्पताल में भी कंपोनेंट ब्लड की सुविधा के लिए सेपरेशन यूनिट की स्थापना की जाएगी। इसके लिए रेडक्रास सोसायटी ब्लड बैंक के प्रभारी सत्यनारायण पांडे को जिम्मेदारी दी गई है। उन्होंने बताया कि यूनिट की स्थापना के लिए नक्शा तैयार कर लायसेंस प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है। कंपोनेंट ब्लड की सुविधा शुरू होने के बाद अस्पताल के साथ अन्य मरीजों को रक्त में मिलने वाले अलग-अलग घटकों की सुविधा मिल सकेगी।

सीएचसी का मदर सेंटर बना रेडक्रास

रायपुर जिले के चारों ब्लाक में संचालित होने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बनाए गए ब्लड स्टोरेज का मदर सेंटर रेडक्रास के ब्लड बैंक को बनाया गया है। यहां आवश्यकता के मुताबिक लगभग सभी ग्रुप के रक्त का स्टॉक रखा जाता है। इसके अलावा जरूरत होने पर यहां से उन्हें रक्त उपलब्ध कराया जाता है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में अक्सर प्रसव प्रक्रिया पूरी करने के दौरान मरीजों को खून की आवश्यकता होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *