रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की तैयारी में जुट गई है। इसी कड़ी में 21 जून से 30 जून तक रायपुर में 10 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी रणनीतियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस शिविर का सबसे बड़ा आकर्षण 28 जून को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का रायपुर दौरा होगा।
राहुल गांधी दो दिन रहेंगे रायपुर में
सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी 28 जून को रायपुर पहुंचेंगे और यहां दो दिनों तक रुकेंगे। इस दौरान वे प्रशिक्षण शिविर में शामिल होकर कांग्रेस नेताओं और पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावी रणनीति पर भी चर्चा कर सकते हैं।
10 दिन चलेगा कांग्रेस का प्रशिक्षण अभियान
कांग्रेस द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में प्रदेशभर के जिला कांग्रेस अध्यक्षों और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को बुलाया गया है। पार्टी का उद्देश्य संगठनात्मक कौशल को मजबूत करना, कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा जमीनी स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाना है।
के.सी. वेणुगोपाल ने जारी किया पत्र
कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल की ओर से प्रशिक्षण शिविर को लेकर पत्र जारी किया गया है। इसके बाद से प्रदेश कांग्रेस में तैयारियां तेज हो गई हैं। राहुल गांधी के दौरे को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है।
संगठन को धार देने की तैयारी
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राहुल गांधी का यह दौरा केवल प्रशिक्षण कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके जरिए कांग्रेस आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी तैयारियों को लेकर कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का प्रयास करेगी।