Meta Pixel

पेंशनर्स का सरकार को अल्टीमेटम : मांगों पर जल्द फैसला नहीं हुआ तो राजधानी में होगा बड़ा आंदोलन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपेंगे ज्ञापन

Spread the love

रायपुर – छत्तीसगढ़ के लाखों पेंशनर्स की लंबित मांगों को लेकर जल्द ही राजधानी रायपुर में बड़ा आंदोलन देखने को मिल सकता है। छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि यदि उनकी वर्षों पुरानी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रदेशभर के पेंशनर्स एकजुट होकर राजधानी में प्रदर्शन करेंगे और मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। संगठन का कहना है कि प्रदेश के करीब 1 लाख 38 हजार पेंशनर्स अपनी न्यायोचित मांगों के निराकरण की लंबे समय से प्रतीक्षा कर रहे हैं।

पेंशनर्स एसोसिएशन की बैठक में पदाधिकारियों का जमावड़ा
छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन की संभागीय एवं जिला शाखा रायपुर की संयुक्त मासिक बैठक कर्मचारी भवन, गौरव पथ रायपुर में प्रदेश अध्यक्ष पी.आर. यादव के मुख्य आतिथ्य एवं संरक्षक आर.के. त्रिवेदी के मार्गदर्शन में आयोजित हुई। बैठक में प्रदेश महामंत्री उमेश मुदलियार, वरिष्ठ पदाधिकारी विश्वनाथ ध्रुव सहित विभिन्न जिलों और विकासखंडों से बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल हुए।

पेंशनर्स ने सरकार के सामने रखीं ये प्रमुख मांगें
बैठक में पेंशनर्स की लंबित समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। संगठन ने मांग की कि पेंशनर्स को 2 प्रतिशत अंतरिम राहत स्वीकृत कर एरियर का भुगतान किया जाए, सभी पेंशनर्स को कैशलेस चिकित्सा सुविधा मिले, आयकर में विशेष छूट दी जाए तथा वरिष्ठ पेंशनर्स के लिए निःशुल्क तीर्थयात्रा योजना शुरू की जाए। इसके अलावा 70 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पेंशनर्स को 20 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन का लाभ प्रभावी रूप से देने और अन्य लंबित समस्याओं का समयबद्ध समाधान करने की मांग भी उठाई गई।

पेंशनर्स की मांगें न्यायसंगत, जल्द होगा आंदोलन- यादव
प्रदेश अध्यक्ष पी.आर. यादव ने कहा कि, पेंशनर्स की मांगें पूरी तरह न्यायसंगत हैं। भीषण गर्मी के कारण फिलहाल आंदोलन की तिथि घोषित नहीं की गई है, लेकिन जल्द ही प्रदेश स्तरीय रणनीति बनाकर रायपुर में विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की जाएगी।

संगठन विस्तार पर जोर, नए पदाधिकारियों की नियुक्ति
बैठक में संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान को तेज करने पर भी जोर दिया गया। सभी जिलाध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सदस्यता अभियान को गति देने और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बैठक के दौरान रायपुर कलेक्टोरेट से सेवानिवृत्त विनोद सिन्हा और भागीरथी वर्मा ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। दोनों का स्वागत कर उन्हें क्रमशः अभनपुर ब्लॉक अध्यक्ष और संभागीय सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम का संचालन संभागीय अध्यक्ष विमल चंद्र कुंडू ने किया, जबकि अंत में प्यारे लाल सेन ने आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *