Meta Pixel

म्यूल खातों से ठगी के पैसे ट्रांसफर, 15 गिरफ्तार

Spread the love

दुर्ग – मोहन नगर पुलिस ने साइबर ठगी के लिए अपने बैंक खाते उपलब्ध कराने वाले 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा कोटक महिंद्रा बैंक के खातों का उपयोग कर ठगी की रकम का लेन-देन किया जा रहा था। वर्ष 2024 से 2026 के बीच खातों में हुए संदिग्ध ट्रांजेक्शनों और राशि हस्तांतरण की जांच के दौरान इस नेटवर्क का खुलासा हुआ।

पुलिस ने बताया, भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा संचालित समन्वय पोर्टल एवं प्राप्त शिकायतों के आधार पर थाना मोहन नगर क्षेत्र में संचालित कोटक महिंद्रा बैंक के विभिन्न खातों की जांच की गई। पाया गया कि इन खातों में साइबर ठगी से प्राप्त राशि जमा की जा रही थी। खाताधारक इन खातों के माध्यम से विभिन्न वित्तीय लेन-देन कर अवैध आर्थिक लाभ अर्जित कर रहे थे।

विवेचना के दौरान यह तथ्य सामने आया कि खाताधारकों ने स्वयं अथवा अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर अपने बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त राशि के हस्तांतरण और अवैध धन के लेन-देन के लिए किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर धारा 318(4) एवं 317(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने इस प्रकरण में कुल 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पीयूष डड़सेना (19 वर्ष), साहिल खान (23 वर्ष), खुशी झा (21 वर्ष), मोहम्मद फरान (22 वर्ष), अभिजीत कुमार (25 वर्ष), आदित्य रजक (21 वर्ष), आशीष चंद्राकर (30 वर्ष), निखिल साहू (19 वर्ष), रितेश मसीह (19 वर्ष), मो. सोहेल (24 वर्ष), निकिता चौहान (23 वर्ष), शुभा सेंगर (38 वर्ष), शिवम पांडेय (27 वर्ष), रितेश देवांगन (21 वर्ष) और रणधीर झा (52 वर्ष) शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *