रायपुर। जिला कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी 3 घंटे रहेंगे। शिविर में हिस्सा लेने एआईसीसी के पदाधिकारी 19 जून का यहां पहुंचेंगे। एआईसीसी निर्देश अभनपुर में 20 से 29 जून तक कांग्रेस का दस दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण शिविर होने जा रहा है। राहुल गांधी 21 जून को नवनियुक्त जिला अध्यक्षों से शिविर में सीधे संवाद करेंगे।
जिला अध्यक्षों को मैदान पर कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए महत्वपूर्ण दिशा निर्देश देंगे। साथ ही संगठन, फील्ड विजिट और सामाजिक-राजनैतिक सक्रियता पर ट्रेनिंग देंगे। एआईसीसी से जारी शेड्यूल के अनुसार, राहुल गांधी 21 जून को दोपहर दो बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। 2:45 बजे सड़क मार्ग से सीधे अभनपुर स्थित प्रशिक्षण स्थल के लिए रवाना होंगे। शाम 5:30 बजे तक जिला अध्यक्षों को संगठन, फील्ड विजिट और सामाजिक-राजनैतिक एक्टिविटी पर ट्रेनिंग देंगे। वे 6:40 बजे दिल्ली रवाना हो जाएंगे।
20 से 29 जून तक जिलाध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण शिविर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने बताया कि, अभनपुर के अग्रवाल रिसोर्ट में 20 से 29 जून तक जिलाध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित है। यह शिविर पूरी तरह आवासीय होगा। एआईसीसी का प्रशिक्षण विभाग इसकी जिम्मेदारी संभालेगा। जिला अध्यक्षों को फील्ड विजिट, सकारात्मक सामाजिक गतिविधियों और जमीनी राजनीति का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे बूथ स्तर तक कांग्रेस को मजबूत कर सकें।
2028 के लिए रणनीति की नींव
कांग्रेस का संगठन सृजन के बाद यह पहला बड़ा प्रशिक्षण है। कांग्रेस 2023 की हार के बाद बूथ स्तर की कमजोरी को सबसे बड़ी वजह मानती है। इसी को दूर करने के लिए जिला अध्यक्षों को फील्ड विजिट व सोशल एक्टिविटी का फॉर्मूला सिखाया जाएगा। राहुल गांधी की एक दिन की ट्रेनिंग को मिशन 2028 की बड़ी तैयारी के तौर पर देखा जा रहा है।
प्रदेश प्रभारी पायलट, प्रभारी सचिव भी रहेंगे
शिविर में राहुल गांधी के साथ प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट और तीनों प्रभारी सचिव भी मौजूद रहेंगे। प्रशिक्षण शिविर में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के तमाम दिग्गज नेता भी एक साथ एकजुट होकर मंच पर नजर आएंगे। एआईसीसी के सभी राष्ट्रीय महासचिव भी शिविर में शामिल होंगे। यह शिविर जिला अध्यक्षों को जमीनी फीडबैक लेने, जनता से संवाद और संगठन खड़ा करने की ट्रेनिंग देगा।