बिलासपुर। नकली सोने की माला के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। सकरी थाना क्षेत्र में ठगों ने एक जनरल स्टोर संचालक को भारी मुनाफे का झांसा देकर करीब 3 लाख 5 हजार रुपये की चपत लगा दी। जब माला की जांच कराई गई तो वह पूरी तरह नकली निकली। इसके बाद आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो गए।
मुनाफे का लालच पड़ा भारी
जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने खुद को भरोसेमंद बताकर कम कीमत में सोने की माला बेचने का प्रस्ताव दिया और भविष्य में अच्छा मुनाफा होने का लालच दिया। उनकी बातों में आकर दुकानदार ने रुपये जुटाने के लिए अपनी पत्नी के गहने गिरवी रख दिए और गोल्ड लोन भी लिया।
जांच में खुली ठगी की पोल
माला खरीदने के बाद जब उसकी शुद्धता की जांच कराई गई तो पता चला कि वह सोना नहीं, बल्कि नकली धातु से बनी हुई है। पीड़ित ने आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन तब तक वे मोबाइल बंद कर फरार हो चुके थे।
पुलिस ने शुरू की तलाश
घटना की शिकायत मिलने के बाद सकरी पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच कर रही है।