Meta Pixel

खाद माफियाओं पर सख्त हुए कृषि मंत्री : बोले- संरक्षण देने वाले अफसर भी नहीं बचेंगे, कार्रवाई की चेतावनी

Spread the love

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में खाद की कालाबाजारी को लेकर सरकार अब सख्त रुख अपनाती नजर आ रही है। अंबिकापुर दौरे पर पहुंचे कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने साफ शब्दों में कहा कि खाद की कालाबाजारी करने वालों के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की नजर बड़े खाद माफियाओं के साथ मिलीभगत करने वाले हर जिम्मेदार व्यक्ति पर है और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

अधिकारियों की भूमिका भी होगी जांच के दायरे में
कृषि मंत्री ने कहा कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की भूमिका खाद माफियाओं को संरक्षण देने में सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के प्रति सरकार की नीति बिल्कुल भी नरम नहीं है।

अंबिकापुर में पहले भी लगते रहे हैं आरोप
गौरतलब है कि अंबिकापुर में कृषि विभाग के कुछ अधिकारियों पर लंबे समय से खाद की कालाबाजारी करने वालों को संरक्षण देने के आरोप लगते रहे हैं। मंत्री के इस बयान को ऐसे मामलों में सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

DAP की पर्याप्त उपलब्धता का दावा
कृषि मंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार प्रदेश में DAP खाद अधिक मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि अब तक किसान लगभग 50 प्रतिशत खाद का उठाव कर चुके हैं और आगे भी आपूर्ति सुचारु रूप से जारी रहेगी।

मानसून से मिली राहत, किसानों के साथ सरकार
मंत्री ने कहा कि मानसून में शुरुआती देरी से किसानों की चिंता बढ़ी थी, लेकिन अब बारिश शुरू होने से हालात बेहतर हुए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों को खाद और अन्य कृषि आवश्यकताओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *