अंबिकापुर। सरगुजा जिले के सीतापुर विकासखंड के बगडोली गांव में खसरे (मिजल्स) के छह मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। बच्चों में संक्रमण की पुष्टि होने के बाद पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और स्वास्थ्य अमला लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम सक्रिय
संक्रमण की जानकारी मिलते ही चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की टीम गांव पहुंच गई। टीम घर-घर जाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है। साथ ही संक्रमित बच्चों के संपर्क में आए अन्य बच्चों की भी जांच की जा रही है, ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके।
बिना टीकाकरण वाले बच्चों पर अधिक खतरा
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिन बच्चों का नियमित टीकाकरण नहीं हुआ है। उनमें खसरे के संक्रमण होने की आशंका अधिक रहती है। ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें विशेष निगरानी में रखा जा रहा है।
अभिभावकों से की गई अपील
स्वास्थ्य अधिकारियों ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों का निर्धारित समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं। साथ ही यदि किसी बच्चे में तेज बुखार, शरीर पर लाल चकत्ते या खसरे जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें।