जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में रविवार 12 जुलाई को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा तपकरा थाना क्षेत्र के लवाकेरा पुलिस बैरियर के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार हाइवा ट्रक ने एक कार को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार दोनों युवक अंदर ही बुरी तरह फंस गए।
कार काटकर निकाले गए शव
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। कार में फंसे दोनों युवकों को बाहर निकालने के लिए कटर मशीन की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद दोनों के शव बाहर निकाले गए।
सुंदरगढ़ से लौट रहे थे दोनों युवक
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों युवक ओडिशा के सुंदरगढ़ से कुनकुरी लौट रहे थे। मृतक जूता-चप्पल के थोक कारोबार से जुड़े बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
हादसे के बाद चालक फरार
दुर्घटना के बाद हाइवा चालक वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
तपकरा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।