Meta Pixel

ठेनही बना सोलर गांव : धमतरी जिले का पहला विलेज, 71 परिवारों को मुफ्त बिजली की सौगात

Spread the love

 धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के सुदूर अंचल नगरी विकासखंड में बसा ग्राम ठेनही जल्द ही विकास की नई रोशनी से जगमगा होगा। प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी ‘पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना’ के तहत ठेनही जिले का पहला गांव बन गया है, जहां सामूहिक सोलर पावर प्लांट स्थापित किया जा गया है। यह पहल न केवल ग्रामीणों को स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा उपलब्ध कराएगी, बल्कि ऊर्जा आत्मनिर्भरता की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

यह प्लांट वेंडरों द्वारा सब्सिडी राशि से योजना में गांव के कुल 71 परिवारों का  2-2 किलोवॉट के लिए  पंजीयन किया गया है। कुल 142 किलोवॉट का सामूहिक सोलर प्लांट लगाया गया है। प्लांट के लिए गांव से करीब 50-75 मीटर दूरी पर जमीन उपलब्ध करायी गयी है। उप सरपंच रूपेश्वर नाग ने बताया कि किसी ग्रामीण से कोई राशि नहीं ली गयी है। घरों में कनेक्शन का काम शुरू होने वाला है। प्लांट लग गया है। अब ग्रामीणों को बिजली बिल से छुटकारा भी मिल जाएगा।

ग्रामीणों को बिजली बिल के बोझ से मिलेगी राहत
कार्यपालन अभियंता विधुत अनिल सोनी ने बताया कि, आवश्यक दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होते ही प्लांट से विद्युत उत्पादन प्रारंभ हो जाएगा। इसके बाद ग्रामीणों को बिजली बिल के बोझ से काफी राहत मिलेगी। निर्धारित प्रावधानों के अनुसार उन्हें योजना का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने बताया कि जिले में ऐसे 55 गांवों का चयन किया गया है। जहां पक्के या छत वाले मकान नहीं है, बल्कि खपरैल वाले है। वहाँ वेंडरों द्वारा सब्सिडी की राशि से जरूरत के मुताबिक सामूहिक सोलर प्लांट लगा रहे है। इसके लिए गांव के लोगों को कोई राशि नहीं देना पड़ता है।

ठेनही में मुफ्त सोलर प्लांट लगने पर बोले ग्रामीण इंदर सिंह नेताम
ग्राम ठेनही के ग्रामीण इंदर सिंह नेताम की प्रतिक्रिया “हमारे गांव में सामूहिक सोलर प्लांट लगना हमारे लिए बहुत बड़ी खुशी की बात है। पहले बिजली बिल की चिंता रहती थी, लेकिन अब इस योजना से काफी राहत मिलेगी। सबसे अच्छी बात यह है कि गांव के लोगों को इसके लिए कोई पैसा खर्च नहीं करना पड़ा। इससे गांव में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा और आने वाली पीढ़ियों को भी इसका लाभ मिलेगा।

ठेनही में आधुनिक सोलर प्लांट लगने पर बोले ग्रामीण उमेंद्र नागेश
ग्राम ठेनही के ग्रामीण उमेंद्र नागेश ने बताया कि, “हमने कभी नहीं सोचा था कि हमारे गांव में इस तरह की आधुनिक सोलर परियोजना स्थापित होगी। प्रधानमंत्री सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना से गांव के परिवारों को नियमित और किफायती बिजली मिलेगी। यह पहल न केवल आर्थिक रूप से लाभकारी है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। हमें गर्व है कि हमारा गांव जिले में इस योजना का पहला मॉडल गांव बन रहा है।

नक्सल प्रभावित रहे ठेनही में अब बहेगी हरित ऊर्जा की बयार
इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि एक समय नक्सल प्रभावित होने के कारण विकास की मुख्यधारा से दूर रहे गांव में अब आधुनिक हरित ऊर्जा का मॉडल विकसित हो रहा है। यह परिवर्तन शासन की विकासोन्मुखी सोच और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ठेन्ही में सामूहिक सोलर प्लांट की सफलता के बाद नगरी विकासखंड के फरसियां, रतावा, दुगली सहित लगभग 25 अन्य गांवों में भी इसी प्रकार की परियोजनाएं स्थापित किए जाने की कार्ययोजना तैयार की गई है।

पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजनाश् से कम होगा घरेलू खर्च
पीएम सूर्य घर-मुफ्त बिजली योजना’ का उद्देश्य देशभर में स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देना, घरेलू बिजली खर्च कम करना तथा नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को प्रोत्साहित करना है। इस योजना के अंतर्गत सोलर संयंत्रों को विद्युत ग्रिड से जोड़ने की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है, जिससे आवश्यकता से अधिक उत्पादित बिजली ग्रिड में भेजी जा सकती है। इससे ऊर्जा संसाधनों का बेहतर उपयोग होने के साथ-साथ भविष्य में अतिरिक्त आय की संभावनाएं भी विकसित होती हैं। सौर ऊर्जा पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आती है, जीवाश्म ईंधनों पर निर्भरता घटती है तथा स्वच्छ और टिकाऊ ऊर्जा व्यवस्था को बढ़ावा मिलता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सामूहिक सोलर परियोजनाएं बिजली की उपलब्धता बढ़ाने के साथ-साथ ऊर्जा सुरक्षा और सतत विकास के लक्ष्यों को भी मजबूत करती हैं।

धमतरी हरित और सतत विकास का अग्रणी जिला बने
धमतरी जिले के चयनित अन्य गांवों में भी इस मॉडल का विस्तार किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण परिवार इस योजना का लाभ लेकर ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सकें। शासन की मंशा है कि अंतिम व्यक्ति तक विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचे तथा धमतरी हरित और सतत विकास का अग्रणी जिला बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *