बलौदा बाजार। जिला सरगुजा में पदस्थ पुलिस निरीक्षक सी.आर. चंद्रा के सुपुत्र अतुल चंद्रा ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। JEE Main 2026 में 99.27 परसेंटाइल प्राप्त करने के बाद उनका चयन देश के प्रतिष्ठित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (NIT) दिल्ली के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) पाठ्यक्रम में हुआ है।
नवोदय विद्यालय से शुरू हुआ सफलता का सफर
ग्राम अंडा, जिला सक्ती निवासी अतुल चंद्रा ने बलौदा बाजार जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय, लवन से कक्षा 12वीं की परीक्षा 93 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की। स्कूल स्तर से ही उन्होंने पढ़ाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसका परिणाम JEE Main में शानदार सफलता के रूप में सामने आया।
JEE Main में शानदार प्रदर्शन
अतुल ने JEE Main 2026 में 99.27 परसेंटाइल हासिल कर देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसी उपलब्धि के आधार पर उन्हें NIT दिल्ली के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग (CSE) पाठ्यक्रम में प्रवेश मिला। अतुल की सफलता से परिवार के साथ-साथ पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी का माहौल है। यह उपलब्धि उन विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है, जो देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों में प्रवेश का सपना देख रहे हैं।
मिल रहीं शुभकामनाएं
अतुल चंद्रा की सफलता पर जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, समाज के प्रबुद्धजनों, पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों सहित क्षेत्रवासियों ने उन्हें और उनके परिवार को बधाई दी है। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे एक सफल अभियंता बनकर प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।