बलौदाबाजार – छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला खेल विभाग की पहल पर पंडित चक्रपाणि शुक्ला हाई स्कूल मैदान में पारंपरिक सद्भावना क्रिकेट मैच खेला गया। प्रशासन और पत्रकारों के बीच आपसी समन्वय और सौहार्द बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस मैच में प्रशासन एकादश और पत्रकार एकादश की टीमों ने हिस्सा लिया।
वहीं शाम 4 बजे शुरू हुए मुकाबले में पत्रकार एकादश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पत्रकारों की टीम ने निर्धारित 8 ओवर में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 124 रन बनाए और प्रशासन की टीम के सामने 125 रनों का लक्ष्य रखा।
50 रनों की ओपनिंग पार्टनरशिप से प्रशासन एकादश मजबूत
लक्ष्य का पीछा करने उतरी प्रशासन एकादश की ओर से कलेक्टर कुलदीप शर्मा और पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने पारी की शुरुआत की। दोनों अधिकारियों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए शुरुआती ओवरों में ही 50 रन की साझेदारी कर दी। इसके बाद प्रशासन की टीम के अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया।
7 ओवर में ही हासिल किया 126 रन का लक्ष्य
प्रशासन एकादश ने महज 7 ओवर में 126 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया और पत्रकार एकादश को शिकस्त दी। मैच के दौरान मैदान पर खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। अधिकारियों और पत्रकारों ने प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ खेल भावना और आपसी सौहार्द का भी परिचय दिया।
कलेक्टर ने दी खिलाड़ियों को बधाई
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि, सद्भावना क्रिकेट मैच पूरी तरह सौहार्द और खेल भावना के साथ खेला गया। उन्होंने आयोजन के लिए दोनों टीमों के खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि, ऐसे आयोजन प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय और आपसी संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारी, पत्रकारों और बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे।