PM Modi Uzbekistan Kyrgyzstan Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार, 29 अगस्त को उज्बेकिस्तान और किर्गिजस्तान के तीन दिवसीय दौरे के लिए रवाना हो गए हैं। यात्रा के दौरान वे दोनों देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के साथ शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।
प्रधानमंत्री के मुताबिक इस दौरे का उद्देश्य मध्य एशियाई देशों के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाना और क्षेत्र के साथ ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं जन-से-जन संबंधों को और मजबूत करना है।
रवानगी से पहले जारी बयान में पीएम मोदी ने कहा कि यह यात्रा शांति, स्थिरता और समृद्धि के साझा लक्ष्य को आगे बढ़ाने में योगदान देगी। ये मूल्य दुनिया के साथ भारत के संबंधों का महत्वपूर्ण आधार हैं।
उज्बेकिस्तान में राष्ट्रपति मिर्जोयेव से मुलाकात
यात्रा के पहले चरण में प्रधानमंत्री ताशकंद पहुंचेंगे। यह उज्बेकिस्तान की उनकी चौथी यात्रा होगी। यहां वे राष्ट्रपति शवकत मिर्जोयेव के साथ उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता करेंगे।
दोनों नेताओं के बीच रणनीतिक साझेदारी को और व्यापक बनाने से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है। बातचीत में व्यापार, निवेश, डिजिटल कनेक्टिविटी, रक्षा और ऊर्जा जैसे क्षेत्रों के साथ दोनों देशों के विकास संबंधी साझा लक्ष्यों पर भी जोर रहेगा।
शास्त्री मेमोरियल और महात्मा गांधी सेंटर भी जाएंगे
उज्बेकिस्तान प्रवास के दौरान पीएम मोदी ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ओरिएंटल स्टडीज में शास्त्री मेमोरियल और महात्मा गांधी सेंटर का दौरा भी करेंगे।
प्रधानमंत्री ने इसे भारत और उज्बेकिस्तान के बीच लंबे समय से चले आ रहे सांस्कृतिक रिश्तों तथा लोगों के बीच संपर्कों के प्रति सम्मान का प्रतीक बताया है।
उन्होंने कहा कि भारत के ‘विकसित भारत’ और उज्बेकिस्तान के ‘यांगी उज्बेकिस्तान’ के साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़ाना महत्वपूर्ण है।
30 अगस्त के बाद किर्गिजस्तान के लिए रवाना होंगे
उज्बेकिस्तान का दौरा 30 अगस्त तक चलेगा। इसके बाद प्रधानमंत्री किर्गिजस्तान के राष्ट्रपति सादीर झापारोव के निमंत्रण पर राजधानी बिश्केक जाएंगे।
यहां वे SCO के 26वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह बैठक SCO की स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर हो रही है। भारत वर्ष 2017 से संगठन का पूर्ण सदस्य है।
SCO समिट में पुतिन समेत कई नेताओं से मिलेंगे
SCO सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई सदस्य देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे। इनमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मुलाकात भी शामिल होने की संभावना है।
इन बैठकों के दौरान द्विपक्षीय संबंधों के साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है।
World Nomad Games के उद्घाटन में भी होंगे शामिल
प्रधानमंत्री किर्गिजस्तान में आयोजित होने वाले छठे World Nomad Games के उद्घाटन समारोह में भी हिस्सा लेंगे।
यह आयोजन मध्य एशिया की पारंपरिक संस्कृति, खेल और विरासत को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करने के लिए जाना जाता है।
आतंकवाद और चरमपंथ के खिलाफ भारत का विजन
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत क्षेत्र में ‘Security, Connectivity and Opportunity’ के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने सुरक्षित और स्थिर क्षेत्र के निर्माण पर जोर देते हुए कहा कि आतंकवाद, अलगाववाद और चरमपंथ से मुक्त वातावरण क्षेत्र के विकास के लिए जरूरी है।
तीन दिवसीय यात्रा के दौरान मध्य एशिया के साथ भारत के रणनीतिक, आर्थिक और सांस्कृतिक संबंधों को नई गति देने पर प्रधानमंत्री का विशेष फोकस रहने की उम्मीद है।